News in Brief

नई दिल्ली: भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) के मामले में डोमिनिका हाई कोर्ट (Dominica High Court) में आज (गुरुवार) फिर सुनवाई होगी. भारत चोकसी प्रत्यर्पण को लेकर हर संभव कोशिश में लगा हुआ है. इसी के मद्देनजर एक टीम डोमिनिका में डेरा डाले हुए है, जिसकी कमान सीबीआई ऑफिसर शारदा राउत (Sharda Raut) के हाथों में है. राउत, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले की जांच की अगुवाई कर रही हैं और मेहुल चोकसी को वापस लाने के मिशन में भी अहम भूमिका में हैं.

2005 Batch की IPS ऑफिसर

शारदा राउत एक अन्य सीबीआई ऑफिसर सहित 6 अधिकारियों के साथ डोमिनिका में ही हैं. ‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यदि डोमिनिका की अदालत मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण का आदेश देती है, तो उसे भारतीय अधिकारियों द्वारा प्राइवेट जेट से नई दिल्ली लाया जाएगा. चोकसी को भारत लाने वाली टीम का नेतृत्व शारदा राउत ही कर रही हैं. राउत महाराष्ट्र से 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं.

ये भी पढ़ें -Mehul Choksi के मामले में नहीं हो पाया फैसला, आज फिर होगी सुनवाई

Dominica Court में दी दलील

भारतीय अधिकारियों ने डोमिनिका के प्रशासन के साथ कई दौर की बैठकें की हैं, सुनवाई में भारत का पक्ष मजबूती से रखा जा सके. बताया जा रहा है कि टीम ने मेहुल चोकसी की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी के साथ ईडी का हलफनामा डोमिनिका की कोर्ट के सामने पेश किया है. इन दस्तावेजों के जरिए यह बताया गया है कि चोकसी भारत का नागरिक है. भारतीय टीम कोर्ट को यह समझाने की कोशिश कर रही है कि डोमिनिका की हिरासत में जो व्यक्ति है, वो भारत में जनवरी 2018 से ही वांछित है और इंटरपोल की ओर से जारी रेड नोटिस के आधार पर उसे तत्काल भारत प्रत्यर्पित कर देना चाहिए.

नहीं छोड़ी है Indian Citizenship

आज होने वाली सुनवाई में भारतीय टीम यह दलील पेश करेगी कि मेहुल चोकसी ने नवंबर 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता ली थी, लेकिन उसने आज तक भारत की नागरिकता नहीं छोड़ी है. इसलिए वह अभी भी भारतीय नागरिक है. इस टीम का नेतृत्व कर रहीं सीबीआई ऑफिसर शारदा राउत पालघर की एसपी भी रही हैं और कहा जाता है कि उन्होंने क्राइम पर काफी हद तक कंट्रोल कर लिया था. इसके अलावा, नागपुर, मीरा रोड, नंदुबार, कोल्हापुर, मुंबई कई जगहों पर उनकी पोस्टिंग रही है.