Assam Student: मध्य प्रदेश के अनूपपुर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) में हाल ही में हुई छात्रों के बीच मारपीट के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. जहां एक ओर असम के छात्र के साथ मारपीट की खबरें लगातार चर्चा में थीं तो वहीं इसी मामले में पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं जिसने इस मामले की कहानी ही बदल दी है. ये तथ्य आरोपी छात्रों के पक्ष को मजबूती प्रदान करते हैं. जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ है?
क्या था विवाद का असली कारण?
पुलिस के मुताबिक यह घटना 13 जनवरी की सुबह लगभग 4 बजे की है. बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र अनुराग पांडे, जतिन सिंह, विशाल यादव और अन्य दो छात्रों ने हॉस्टल के उसी कमरे में गए थे जहां वे पहले रहा करते थे. वहां वर्तमान में असम के छात्र हिरोश ज्योति दास रहते हैं, आरोपी छात्रों की ज्योति दास के साथ किसी बात पर बहस हो गई. अनूपपुर पुलिस अधीक्षक (SP) मोती उर रहमान के अनुसार यह मामला आपसी कहासुनी और सामान्य मार-पीट का है न कि किसी सोची-समझी साजिश का.
नस्लभेद के दावों में कोई दम नहीं
कुछ मीडिया रिपोर्ट और कुछ सोशल मीडिया पोस्ट पर इस घटना को ‘नस्लभेदी हमला’ बताया जा रहा था, लेकिन अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. SP रहमान ने द हिंदू को बताया कि पीड़ित छात्र ने अपनी शिकायत में किसी भी प्रकार की नस्लभेदी टिप्पणी (Racial Slurs) का कहीं कोई जिक्र नहीं किया है और न ही ऐसी कोई बात बताई है. विश्वविद्यालय में उत्तर-पूर्व के लगभग 25 छात्र पढ़ते हैं और आज तक यहां नस्लभेद की कोई शिकायत सामने नहीं आई है. यह एक सामान्य मार-पीट का मामला है.
नहीं टूटी है हड्डी
कुछ रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा था कि छात्र की नाक की हड्डी टूट गई है और उसे गंभीर चोटें आई हैं लेकिन पुलिस की जांच में यह बात भी झूठ पाई गई है. पुलिस इसे एक सामान्य झगड़े के रूप में देख रही है जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. IANS से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की हड्डी टूटने का जिक्र नहीं है. बता दें कि छात्रों को समन जारी कर विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है.
यूनिवर्सिटी ने की कार्रवाई
इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में एक्शन लेते हुए पांचों छात्रों को निष्कासित कर दिया है. मामले की जांच अभी चल रही है. विश्वविघायल के भी कई छात्रों का मानना है कि यह केवल हॉस्टल लाइफ के दौरान होने वाला एक आपसी झगड़ा था जिसे बेवजह बड़ा रूप दिया जा रहा है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अब गहराई से सच का पता लगा रही है.
