News in Brief

2024 Loksabha Elections: दिल्ली के दौरे पर निकले बिहार के सीएम नीतीश कुमार की मुलाकातों का सिलसिला तीसरे दिन भी जारी रहा. बुधवार को उन्होंने NCP प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की और इस बात पर ज़ोर दिया कि आने वाले आम चुनावों के लिए विपक्षी एकता बेहद जरूरी है. नीतीश कुमार ने कहा कि अगर बनना है तो मेन फ्रंट बनेगा थर्ड फ्रंट नहीं. 2024 के आम चुनावों में अब दो साल से भी कम का समय रह गया है और इसके लिए सभी अपनी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. 

बीजेपी कर रही हारी हुई सीटों की समीक्षा

जहां बीजेपी हारी हुई सीटों के साथ साथ मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कर रही है. वहीं विपक्ष खुद को एकजुट करने की पूरी कोशिश कर रहा है. इस कोशिश में फिलहाल बिहार के सीएम नीतीश कुमार सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं.  तीन दिन से नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीतिक गलियों में घूम रहे हैं और एक-एक कर क्षेत्रीय दलों के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नीतीश कुमार थर्ड फ्रंट को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि अगर बनना है तो मेन फ्रंट बनेगा थर्ड फ्रंट नहीं. इसी दौरान सीएम नीतीश कुमार ने राजनीतिक विशेषज्ञ प्रशांत किशोर के उस बयान का भी जवाब दिया, जिसमें प्रशांत किशोर ने कहा था कि बिहार में जो हुआ उसका राष्ट्रीय राजनीति में कोई बहुत प्रभाव नहीं होगा.

‘पीके की बात का कोई मतलब नहीं’

उन्होंने कहा, ‘प्रशांत किशोर की बात का कोई मतलब है. उसको बिहार का ABC भी मालूम है? अगर वह कोई बात बोलता है तो समझ लीजिये उसका मन बीजेपी के साथ रहने का होगा, बीजेपी को मदद करने का होगा. वो आदमी तो मेरे साथ आया था न. बाद में हम सुझाव दिए कि ये सब काम छोड़िये लेकिन नहीं माने. दूसरा-दूसरा देश भर में कितना पार्टी का काम करते रहे. उसका ई धंधा है. बिहार में जो उ अपना करना चाहता है, करे न भाई. उसके स्टेटमेंट का कोई अर्थ नहीं है.’

बीजेपी ने बोला हमला

दिल्ली यात्रा के रास्ते नीतीश कुमार 2024 में चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं. लेकिन बीजेपी उनकी इस यात्रा पर लगातार कटाक्ष कर रही है. बिहार विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने कहा, नीतीश कुमार तीर्थ यात्रा पर निकल गए हैं. जिस लालू को उन्होंने जेल तक पहुंचाया. राबड़ी-तेजस्वी को बेल तक पहुंचाया, अब इसी परिवार के कंधे पर बैठ कर नीतीश तीर्थयात्रा कर रहे हैं. जब शरद यादव की सदस्यता खत्म की थी, तब नहीं पता था कि वो बड़े नेता हैं. आज उनके कदमों में जाकर बैठ गए हैं.

2024 के लिए विपक्ष ने कसी कमर

बता दें कि 2024 के आम चुनावों के लिए विपक्ष अपनी ताकत को बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है. लेकिन बात बार-बार वहीं आकर अटक जाती है कि आखिर विपक्ष अपना चेहरा किसे बनाएगा क्योंकि विपक्ष के पास दावेदारों की कमी नहीं है लेकिन किस दावेदार को वो आगे करेंगे, इस पर अब तक फाइनल मुहर नहीं लगी है.

ये ख़बर आपने पढ़ी देश की नंबर 1 हिंदी वेबसाइट Zeenews.com/Hindi पर