News in Brief

पिछले 48 घंटे से अश्लीलता की दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही हैं. सच्चाई क्या है, किसी को नहीं पता. एक तस्वीर में अफसर महिला के काफी करीब दिख रहे हैं. यह कोई छोटे-मोटे अधिकारी नहीं, इस समय कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव हैं. ऐसे में सरकार ने फौरन उन्हें सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया. यह वही अफसर हैं जिनकी बेटी कई किलो सोने के साथ पकड़ी गई थी. सोने की तस्करी के केस में राव साहब पर भी गाज गिरी थी. सरकार ने छुट्टी पर भेजा लेकिन लोग भूले तो 5 महीने बाद कर्नाटक का डीजीपी बना दिया. अब साहब के कई वीडियो आपत्तिजनक बताते हुए शेयर किए जा रहे हैं. लेकिन इससे भी ज्यादा चर्चा दूसरे अश्लील वीडियो पर है. बस में एक महिला ने 16 जनवरी को उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. वायरल हुआ तो छेड़छेड़ का आरोप दीपक यू. बर्दाश्त नहीं कर पाए. उनका अपना परिवार था. लोग उन्हें ही गलत समझेंगे, शायद यही सोचकर उन्होंने कमरा बंद करके आत्महत्या कर ली. 

असल में सुसाइड का जिम्मेदार हमारा समाज है, जो महिला-पुरुष का केस सामने आने पर पुरुष को ही गलत मानने की धारणा से चिपका हुआ है. बरसों से ऐसा ही सोचा जाता रहा है. लोग फिर यही कहते हैं- अरे वो दिखता ही बदमाश है, चुप रहता है लेकिन अंदर से रावण है, किया होगा देखते नहीं वो कितना शातिर है, ठरकी होगा, अरे इस उमर में … न जाने क्या-क्या अश्लीलता का आरोप लगते ही पुरुष को कठघरे में खड़ा कर दिया जाता है. न कोई जांच, न अपना पक्ष सामने रखने का कोई मौका. शायद समाज के इसी ताने और शर्म से दीपक ने इतना बड़ा कदम उठा लिया. 

बस में ‘टच’ कौन कर रहा?

Add Zee News as a Preferred Source

वीडियो हम यहां नहीं दिखा रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग खूब देख रहे हैं और महिला को सुना भी रहे हैं. आप यह भी मत समझिए कि पुरुष ही, महिलाएं भी इस घटना से गुस्से में हैं. दरअसल, 26 सेकेंड के वीडियो को देखने से साफ है कि महिला ने पहले से वीडियो बनाने की तैयारी कर रखी थी. वह खुद को अनजान दिखाते हुए एक तरफ से रिकॉर्ड कर रही थी. ठीक आगे खड़े दीपक इन सबसे अनजान कुछ सोच रहे होते हैं. आमतौर पर इस तरह की भीड़भाड़ में बस के रुकने या ब्रेक लेने पर झटके लगते हैं. पब्लिक ट्रांसपोर्ट तभी तो है इतना ही दिक्कत है तो प्राइवेट ट्रांसपोर्ट लीजिए. 

लेकिन इस वीडियो में आगे दिखता है कि जब दीपक ज्यादा करीब नहीं दिख रहे तो वह महिला कैमरा एंगल बदल लेती है और खुद को दीपक के हाथ के पास लेकर चली जाती है. पीछे से वीडियो रिकॉर्ड करती है जिससे दीपक उसकी मंशा भी न समझ पाएं. वीडियो से यही लगता है जैसे महिला को कुछ प्रूव करना था. वह खुद हिलती है या कहें कि हर कोई बस में हिलता है लेकिन महिला जानबूझकर पीछे नहीं होती है बल्कि दीपक के हाथ से शरीर टच होने का इंतजार करती है. शायद कोई झोला या मोबाइल के चक्कर में दीपक का दाहिना हाथ महिला के शरीर से टच हो जाता है. 

सवाल यह है कि अगर दीपक ने जानबूझकर महिला को टच किया तो उसे तुरंत विरोध करना चाहिए था. वीडियो बनाकर बाद में सोशल मीडिया पर वायरल करने से कौन सा प्रतिरोध मिला? क्या यह सिर्फ रील वायरल करने या लाइक्स पाने के लिए किया गया एक घिनौना षड्यंत्र था? क्योंकि अगर ऐसा ही चला तो तब तो कोई भी महिला तीन सीट वाली ऑटो में पीछे बगल में बैठने वाले पुरुष यात्री पर आरोप लगा सकती है वह उसे छू रहा था क्योंकि सच में पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बॉडी तो टच होती ही है. 

रहा सवाल अगर गुड टच और बैड टच का तो इसका विरोध तुरंत किया जाना चाहिए. उस समय आप बड़े आराम से बर्दाश्त करते हैं फिर आरोप लगा देते हैं कि देखिए वह मुझे गलत तरीके से टच कर  रहा था, कितना सही है. वो महिला तो वीडियो बना रही थी, बाद में उसने अपने चेहरे को भी नहीं छिपाया. 
 
फिल्ममेकर दीपिका नारायण भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि जिस तरह से महिला घूमती है और जानबूझकर परपेंडिकुलर (लंबवत) खड़ी होती है उससे साफ लगता है कि उसकी वीडियो रिकॉर्ड करने की मंशा अलग थी. उन्होंने लिखा है कि दीपक के दोस्तों ने बताया है कि वह एक जेंटलमैन थे. काश, वह अपनी सफाई में भी वीडियो बनाते और स्पष्टीकरण देते. कई महिलाओं ने यही बात कही है कि आरोप तो लगते हैं, कइयों पर लगे हैं लेकिन दीपक को सुसाइड नहीं करना चाहिए था. 

हालांकि एक आम आदमी, पारिवारिक, समाज में जिसका सम्मान हो, वह ऐसे आरोप लगने पर अंदर से टूट जाता है. दीपक तो फंदे से झूल गए, लेकिन एक बड़ा गंभीर सवाल छोड़ गए जिसका जवाब समाज को ढूंढना होगा. आरोप लगते हैं, पुलिस आती है, गिरफ्तारी है लेकिन जब तक कोर्ट उसे गुनहगार नहीं मानता वह आरोपी ही होता है. ऐसे में तुरंत किसी फैसले पर पहुंचने से बचना चाहिए. अब मानवाधिकार संगठन जांच की मांग कर रहे हैं. पूरा देश जानना चाहता है कि सच्चाई क्या थी? क्योंकि यह ट्रेंड नहीं बनना चाहिए, लाखों पुरुष रोज बस, ट्रेन, ऑटो में महिलाओं के साथ सफर करते हैं.