News in Brief

नई दिल्ली: देश में कोरोना के कहर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को जिलाधिकारियों से संवाद किया. इस दौरान पीएम ने कोरोना वायरस (Coronavirus) को ‘बहुरूपिया और धूर्त’ करार दिया. उन्होंने कहा कि यह अपना स्वरूप बदलने में माहिर है जो बच्चों और युवाओं को प्रभावित करने वाला है. इससे निपटने के लिए उन्होंने नई रणनीति और नए समाधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए आगाह किया जब तक यह छोटे स्तर पर भी है, चुनौती खत्म नहीं होगी.

जिलाधिकारियों से PM का संवाद

पीएम ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए छत्‍तीसगढ़, हरियाणा, केरल, महाराष्‍ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और आंध्रप्रदेश के जिलाधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों से संवाद कर किया. इससे पहले मंगलवार को भी उन्होंने कुछ अन्य राज्यों के अधिकारियों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले क्षेत्रीय अधिकारियों से संवाद किया था.

ये भी पढ़ें- कोरोना: ब्‍लैक फंगस भी हुई बीती बात, पहली बार दिखा ये खतरनाक लक्षण, सोच में पड़े वैज्ञानिक

बच्चों के लिए खतरनाक

बता दें कि कि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्‍यों में कोविड-19 मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. अधिकारियों से संवाद करते हुए पीएम ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच वायरस का बदलता रूप वयस्कों और बच्चों के लिए चुनौती बना हुआ है.

उन्होंने राज्यों के प्रशासन और जिलाधिकारियों से अपने-अपने जिलों में इस संक्रामक रोग की गंभीरता से संबंधित आंकड़े जुटाने को कहा है ताकि भविष्य में काम आ सके. 

राज्यों के साथ काम कर रही केंद्र सरकार

प्रधानमंत्री ने कहा कि टीकाकरण की रणनीति को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों से मिले सभी सुझावों को आगे बढ़ा रही है. सुझावों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों को अगले 15 दिनों की, टीकों की खुराक की सूचना उपलब्ध करा रहा है. उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में टीकों की आपूर्ति आसान होगी और इससे टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को भी आसान बनाने में मदद मिलेगी.

ये भी पढ़ें- कोरोना: योगी सरकार का बड़ा फैसला, स्‍कूल इस साल नहीं बढ़ा सकेंगे फीस  

बरतनी होगी सावधानी

पीएम मोदी ने कहा कि कोविड महामारी से बचाव संबंधी नियमों का पालन करना ही इस बीमारी से बचने का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि जब आंकड़े कम होने लगते हैं तो लोग सोचते हैं कि अब घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद हर जरूरी सावधानी बरतनी ही होगी.

आगे के लिए रहना होगा तैयार

प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिस तरह से वह जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, इससे इस चिंता को गंभीर होने से रोकने में मदद मिली है लेकिन इसके बावजूद सभी को आगे के लिए तैयार रहना ही होगा.

उन्होंने कहा, ‘जीवन बचाने के साथ-साथ हमारी प्राथमिकता जीवन को आसान बनाए रखने की भी है. गरीबों के लिए मुफ्त राशन की सुविधा हो, दूसरी आवश्यक आपूर्ति हो, कालाबाजारी पर रोक हो, ये सब इस लड़ाई को जीतने के लिए भी जरूरी हैं, और आगे बढ़ने के लिए भी आवश्यक है.’

आज के कोरोना के आंकड़े

देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2,76,110 नए मामले सामने आए. इसके साथ ही भारत में संक्रमण के नए मामलों की संख्या पिछले चार दिन से लगातार तीन लाख से कम बनी हुई है. संक्रमण के नए मामलों के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,57,72,440 हो गई. संक्रमण से पिछले 24 घंटों में 3,874 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,87,122 हो गई.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी कमी आई है और अभी 31,29,878 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 12.14 प्रतिशत है. आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 2,23,55,440 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 86.74 प्रतिशत है. वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर 1.11 प्रतिशत है.