
नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कोविड-19 (Covid-19) रोधी टीकाकरण अभियान (Vaccination Drive) के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की आलोचना करने वाले पोस्टर कथित तौर पर चिपकाने के लिए 17 एफआईआर दर्ज कीं और 15 लोगों को गिरफ्तार किया.
पोस्टर पर लिखी गई ये बात
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ये पोस्टर शहर के कई हिस्सों में लगाए गए. इनमें लिखा था, ‘मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन (Vaccine) विदेश क्यों भेज दी?’
दिल्ली पुलिस ने दर्ज कीं 17 एफआईआर
उन्होंने बताया कि गुरुवार को पुलिस को पोस्टरों के बारे में सूचना मिली, जिसके बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया. शिकायतों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने विभिन्न जिलों में 17 एफआईआर दर्ज कीं.
ये भी पढ़ें- कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद अब इस राज्य में कल से लगेगा 15 दिन का लॉकडाउन
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘अगर इस संबंध में और शिकायतें मिलती हैं, तो एफआईआर दर्ज की जाएगी. अभी यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि किसके कहने पर शहर के विभिन्न स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए और इसके अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.’
पुलिस ने बताया कि तीन एफआईआर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दर्ज की गईं और वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तीन एफआईआर पश्चिम दिल्ली में और तीन एफआईआर बाहरी दिल्ली में दर्ज की गईं.
उन्होंने बताया कि शहर के मध्य हिस्से में दो एफआईआर दर्ज की गईं और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. दो एफआईआर रोहिणी में दर्ज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक एफआईआर पूर्वी दिल्ली में दर्ज की गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. एक प्राथमिकी द्वारका में दर्ज की गई और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.
ये भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ को लेकर सरकार की कैसी है तैयारी? इन राज्यों में अलर्ट
पुलिस ने बताया कि एक एफआईआर उत्तरी दिल्ली में दर्ज की गई और एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि इस शख्स ने दावा किया है कि उसे तीन पोस्टर चिपकाने के लिए 500 रुपये दिए गए. एक अन्य मामला शाहदरा में दर्ज किया गया, जहां पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज बरामद की और इस घटना में शामिल लोगों को पकड़ने की कोशिश की.
LIVE TV
