News in Brief

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते संक्रमण के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) मंगलवार को कोरोना वायरस से प्रभावित राज्यों और जिलों के क्षेत्रीय अधिकारियों से बात की. इस दौरान पीएम मोदी ने देश के 9 राज्यों के 46 जिला अधिकारियों को कोविड-19 महामारी (Covid-19 Pandemic) से निपटने के लिए कुछ सुझाव दिए और उनके अनुभव को भी सुना.

देश में जितने जिले, उतनी हैं चुनौतियां: पीएम मोदी

जिलाधिकारियों से बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा, ‘हमारे देश में जितने जिले हैं, उतनी ही अलग अलग चुनौतियां भी हैं. आप अपने जिले की चुनौतियों को अच्छे से समझते हैं. इसलिए जब आपका जिला जीतता है, तो देश जीतता है. आपका जिला कोरोना को हराता है, तो देश कोरोना को हराता है.

कोरोना वायरस के खिलाफ ये हैं 3 सबसे बड़े हथियार

पीएम मोदी ने जिलाधिकारियों को संबोधित करते हुए कोरोना वायरस (Coronavirus) के खिलाफ तीन सबसे बड़े हथियार की जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘इस वायरस के खिलाफ हमारे हथियार क्या हैं? हमारे हथियार हैं- लोकल कन्टेनमेंट जोन, एग्रेसिव टेस्टिंग और लोगों तक सही न पूरी जानकारी देना.’ उन्होंने आगे कहा, ‘हॉस्पिटल में कितने बेड उपलब्ध हैं, कहां उपलब्ध हैं? ये जानकारी आसानी से उपलब्ध होने पर लोगों की सहूलियत बढ़ती है. इसी तरह काला बाजारी पर लगाम हो, ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई हो.’

कालाबाजारी पर लगाम होनी चाहिए: पीएम मोदी

जिलाधिकारियों से प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कालाबाजारी पर लगाम होनी चाहिए, ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. फ्रंट लाइन वर्कर्स का मनोबल हाई रखकर उन्हें एकत्र करना, आपके ये प्रयास पूरे जिले को मजबूती देते हैं.’

कोरोना से जीतने के लिए इन चीजों पर बल देना जरूरी

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारी जिम्मेदारी संक्रमण को रोकने से फैलने की भी है. ये तभी संभव है जब हमें संक्रमण के स्केल की सही जानकारी होगी. Testing, Tracking, Treatment और कोविड के खिलाफ उचित व्यवहार इन सभी पर लगातार बल देते रहना जरूरी है.

संक्रमण रोकने के साथ जरूरी चीजों की सप्लाई भी जरूरी: पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कोविड के अलावा आपको अपने जिले के हर एक नागरिक की ‘जीवन को आसान बनाने (Ease of Living)’ का भी ध्यान रखना है. हमें संक्रमण को भी रोकना है और दैनिक जीवन से जुड़ी जरूरी सप्लाई को भी बेरोकटोक चलाना है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कोरोना की इस दूसरी वेव में अभी ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में हमें बहुत ध्यान देना है. इसमें फील्ड में बिताया आपका अनुभव और आपकी कुशलता बहुत काम आने वाली है. हमें गांव-गांव में जागरूता भी बढ़ानी और उन्हें बेहतर इलाज की सुविधाओं से भी जोड़ना है.’

लाइव टीवी