
नई दिल्ली: सरकार ने पूर्व पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता (Swapan Dasgupta) को राज्य सभा (Rajya Sabha) में मनोनीत किया है. दासगुप्ता ने कुछ समय पूर्व उच्च सदन (Rajya Sabha) के मनोनीत सदस्य के रूप में इस्तीफा देकर भाजपा (BJP) के टिकट पर पश्चिम बंगाल (West Bengal) का चुनाव लड़ा था. स्वप्न दासगुप्ता ने पश्चिम बंगाल की तारकेश्वर विधान सभा सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें वह तृणमूल कांग्रेस के रामेंदु सिंहरे से लगभग साढ़े सात हजार वोटों के अंतर से हार गए थे.
मशहूर वकील महेश जेठमलानी (Mahesh Jethmalani) को भी केंद्र सरकार ने राज्य सभा के लिए मनोनीत किया है. जेठमलानी को राज्यसभा में उस सीट के लिए मनोनीत किया गया है जो रघुनाथ महापात्र के निधन से खाली हुई है. गृह मंत्रालय ने एक नोटिफिकेश जारी कर इस बात की जानकारी दी है.
ये भी पढ़ें- CBSE छात्रों के लिए बड़ा फैसला, नहीं होंगी 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं
नोटिफिकेशन में कहा गया है, ‘भारत के संविधान के अनुच्छेद 80 के उपबंध (1) के भाग (ए) तथा इसी अनुच्छेद के उपबंध (3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए राष्ट्रपति स्वप्न दासपगुप्ता को उनके इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए राज्य सभा के लिए पुन: मनोनीत करते हुए प्रसन्न हैं. उनका यह मनोनयन 24 अप्रैल, 2022 को राज्य सभा में पूरा होने वाले उनके कार्यकाल की बाकी अवधि के लिए है.’
एक अन्य नोटिफिकेशन में गृह मंत्रालय ने कहा कि जेठमलानी को राज्य सभा में उस सीट के लिए मनोनीत किया गया है जो रघुनाथ महापात्र के निधन से खाली हुई है. उनका भी कार्यकाल महापात्र के 13 जुलाई, 2024 को पूरा होने वाले कार्यकाल की बाकी अवधि के लिए है.
बता दें कि राष्ट्रपति केंद्र के परामर्श पर राज्य सभा के लिए 12 सदस्यों को मनोनीत करते हैं. उच्च सदन में मनोनीत किए जाने वाले लोग साहित्य, विज्ञान, खेलकूद, कला और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों की बड़ी हस्तियां होते हैं.
