
नई दिल्ली: कांग्रेस (Congress) ने कथित फर्जी टूलकिट मामले (Toolkit Case) में दिल्ली पुलिस में बीजेपी के कई बड़े नेताओं के खिलाफ शिकायत दी है. पार्टी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा, वरिष्ठ नेताओं बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, संबित पात्रा और अन्य नेताओं ने मिलकर उसके नाम से फर्जी टूलकिट तैयार की. जिससे कोरोना की वजह से सरकार के खिलाफ पनप रहे जनाक्रोश को दूसरी ओर मोड़ा जा सके.
नड्डा समेत कई के खिलाफ शिकायत
कांग्रेस (Congress) ने कहा, ‘इस शिकायत के जरिए हम जेपी नड्डा, संबित पात्रा, स्मृति ईरानी, बीएल संतोष समेत बीजेपी के कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हैं. इन लोगों ने देश में अशांति फैलाने और सांप्रदायिक अशांति फैलाने के मकसद से सोशल मीडिया के जरिए झूठी बातें फैलाई हैं.’
कांग्रेस (Congress) के शोध विभाग के प्रमुख राजीव गौड़ा और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने नई दिल्ली के तुगलक रोड थाने में शिकायत दी है. इस शिकायत में मांग की है कि ‘जालसाजी’ और ‘झूठ फैलाने’ के लिए इन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए.
AICC Research Dept Chairman Shri @rajeevgowda & INC SM Chairman Shri @rohanrgupta have filed an FIR against BJP President Shri @JPNadda, BJP National Spokesperson Shri @sambitswaraj & others for forgery & fabricated content. #BJPLiesIndiaCries pic.twitter.com/fXmSmQm3ld
— Congress (@INCIndia) May 18, 2021
FIR न होने पर कोर्ट जाने की धमकी
कांग्रेस (Congress) नेता और वकील अमन पंवार ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस इस शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है तो फिर पार्टी की तरफ से अदालत का भी रुख किया जा सकता है. इससे पहले कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने ट्वीट किया था, ‘भाजपा (BJP) कोविड कु्प्रबंधन पर फर्जी टूलकिट (Toolkit) का दुष्प्रचार कर रही है और इसे कांग्रेस के शोध विभाग से जोड़ रही है. हम जालसाजी को लेकर जेपी नड्डा और संबित पात्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं.’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘हमारा देश कोविड की तबाही का सामना कर रहा है, ऐसे समय लोगों को राहत प्रदान करने की बजाय भाजपा (BJP) बेशर्मी के साथ फर्जीवाड़ा कर रही है.’ उन्होंने कहा कि वे प्रमुख सोशल मीडिया कंपनियों के मैनेजमेंट को पत्र लिखकर ‘झूठ फैलाने’ वाले इन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के अकाउंट खत्म करने का आग्रह करेंगे.
बीजेपी ने फर्जी टूलकिट बनाई- कांग्रेस
कांग्रेस (Congress) प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा के आरोपों पर दावा किया, ‘भाजपा ने फर्जी टूलकिट (Toolkit) तैयार की है ताकि एक बौने नेता की गढ़ी हुई छवि को बचाया जा सके, जबकि पूरा देश इनकी हकीकत जान चुका है. अब हर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असली चेहरा देख चुका है.’
उन्होंने कहा, ‘जो भी सरकार से सवाल करता है, उसका चरित्र हनन करने का प्रयास किया जाता है. कांग्रेस इस तरह के हथकंडों से डरने वाली नहीं है. हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और सरकार से कठिन प्रश्न पूछते रहेंगे.’
बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
बताते चलें कि बीजेपी (BJP) प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों में भ्रम फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस संकट काल में विपक्षी दल की ‘गिद्धों की राजनीति’ उजागर हुई है.
ये भी पढ़ें- TOOLKIT पर BJP ने कहा- पीएम मोदी को बदनाम करने की कोशिश, कांग्रेस ने टूलकिट को बताया नकली
संबित पात्रा (Sambit Patr) ने अपने आरोपों के समर्थन में एक कथित ‘टूलकिट’ (Toolkit) का भी हवाला दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूरा देश महामारी से लड़ रहा है तो कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत को पूरे विश्व में अपमानित और बदनाम करने की कोशिश की है.
क्या होता है टूलकिट?
‘टूलकिट’ (Toolkit) एक प्रकार का दस्तावेज होता है जिसमें अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए बिंदुवार मुद्दे लिखे होते हैं. अभियान को धार देने के लिए इन्हीं मुद्दों पर विरोधियों को घेरने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाता है. हाल ही में किसान आंदोलन के दौरान भी एक टूलकिट सामने आई थी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई थी.
LIVE TV
