News in Brief

उन्‍नाव: यूपी (UP) के उन्नाव (Unnao) में 3 पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक सब्जीवाले की हत्या करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है. इन तीनों के खिलाफ जांच भी शुरू हो गई है. मृतक फैसल (18) के परिजनों का आरोप है कि कोतवाली में पुलिस (Police) की पिटाई के कारण उसकी मौत हुई है. 21 मई को हुई इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उन्नाव-हरदोई मार्ग जाम कर दिया था.

ये है पूरा मामला

21 मई 2021, शुक्रवार को उन्नाव जिले के बांगरमऊ कस्बे में कोरोना (Corona) कर्फ्यू लगा था. हालांकि इस दौरान कुछ दुकानें खुली हुई थीं. फैसल ने भी सब्‍जी का ठेला लगाया हुआ था. इसी दौरान यहां पहुंचे 2 सिपाहियों ने उसे ठेला हटाने के लिए कहा. फैसल के इनकार करने पर सिपाही उसे बाइक पर बैठाकर थाने ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की. इसके कारण उसकी मौत हो गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि कोतवाली में फैसल की तबियत खराब होने के बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वह नहीं बच पाया. 

यह भी पढ़ें: मर्डर केस में फरार चल रहे ओलंपियन Sushil Kumar के खिलाफ मिले सबूत, CCTV में हुआ सच का खुलासा

जमकर हुआ बवाल 

मौत की खबर लगते ही फैसल के परिजनों और गुस्‍साए लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. हमारी सहयोगी वेबसाइट india.com पर प्रकाशित खबर के अनुसार मामला बढ़ता देखकर एसपी आनंद कुलकर्णी ने आरोपी पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है और होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया है.  

मामले में एएसपी शशिशेखर सिंह ने कहा है, ‘थाना बांगरमऊ में लॉकडाउन (Lockdown) का पालन कराने लिए एक व्यक्ति को पुलिस थाने लाया गया था. यहां उसकी तबियत खराब हो गई. उसे तत्काल सीएचसी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर FIR पंजीकृत कर ली गई है. जिसमें दो आरक्षी और एक होमगार्ड को नामजद किया गया है. तीनों को निलंबित कर दिया गया है.’

पुलिस ने तीनों के खिलाफ IPC की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है.