
IMD weather Alert: नए साल की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है. जिसके चलते मौसम विभाग की तरफ से देश के कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 5 से 7 दिन काफी अहम है. जहां रात और सुबह के समय घना और अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है. वहीं जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में जनवरी के शुरुआती 4 से 5 दिनों तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.
उत्तर भारत में ठंड
मौसम विभाग ने भारत के इन राज्यों में शीतलहर की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी है. जहां हिमाचल प्रदेश में 2 जनवरी को और बिहार में 4, 5 जनवरी को ठंडा दिन रहने की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 जनवरी को ठंड की वजह से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 से 6 जनवरी तक शीतलहर जारी रह सकती है. पंजाब के लिए 4 से 6 जनवरी तक का समय सबसे ज्यादा ठंड वाला बताया गया है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब उत्तरी भारत में दिखाई देने लगा है, जिसकी वजह से ठंड की चादर इस पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले सकती है.
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग की तरफ से राजस्थान में 8 और 9 जनवरी को शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है. इसके लिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह है. खासकर सुबह-शाम की यात्रा के दौरान लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है. हालांकि, प्रदेश की सरकार भी अपनी तरफ से शीतलहर के प्रभाव से सामान्य जनजीवन को प्रभावित होने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठा रही हैं. जिसके तहत कुछ राज्यों में स्कूली बच्चों के जनवरी के शीतकालीन अवकाश भी शामिल हैं. वहीं कोहरे से प्रभावित होने वाले इलाकों में परिवहन विभाग की तरफ से गाड़ियों की स्पीड को लेकर आग्रह किया गया है. ताकि सड़क हादसों में जान माल का नुकसान न हो.
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी तक कैसे पहुंचा सोना चुराने वाला आरोपी? केरल CM ने उठाए सवाल
ठंड से ऐसे करें बचाव
कोहरे के वक्त गाड़ी चालकों को कम स्पीड और यातायात नियमों का पालन करते हुए यात्रा करनी चाहिए. ज्यादा तेज गति के कारण सड़क हादसों की संभावना बनी रहती है. सुबह के वक्त और देर शाम को यात्रा से बचना चाहिए, क्योंकि उस समय विजिबिलिटी काफी कम होती है. वहीं शीतलहर के समय आमजन को जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलना चाहिए. ताकि सेहत संबंधित समस्याओं का सामना न करना पड़े. बाहर निकलने के लिए सर्द दिनों में कपड़े अच्छी तरह पहनकर ही निकलें.
