
How will weather be on 27 December 2025: देशभर में मौसम का पारा लगातार गोते लगा रहा है. ठंड और कोहरे की वजह से इंसान तो क्या पशु-पक्षी भी कांपते नजर आ रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड से नए साल के पहले हफ्ते में भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में कंपकंपा देने वाली यह सूखी ठंड अभी लोगों को इसी तरह परेशान करती रहेगी.आइए अब आपको 27 दिसंबर को दिल्ली एनसीआर समेत देशभर के मौसम अपडेट के बारे में विस्तार से बताते हैं. जिससे आप इस वीकेंड पर बाहर जाने का आसानी से प्लान बना सकें.
27 दिसंबर को कैसा रहेगा मौसम?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस वीकेंड यानी 27 दिसंबर को उत्तर भारत में मौसम ठंडा और कोहरे वाला रहेगा. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घना कोहरा जारी रहने का अनुमान है. शनिवार रात न्यूनतम तापमान 4 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. कई इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी.
मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि 27 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू हो सकता है. इसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड) के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी संभव है.
कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी शनिवार को कोहरे का कहर रहेगा. असम, मेघालय और बिहार जैसे राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा. कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12-15 डिग्री और अधिकतम 24-26 डिग्री के आसपास रहेगा. जहां सुबह-शाम कोहरा और ठंड महसूस होगी.
दक्षिण भारत में 27 दिसंबर को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य और ठंडा रहेगा. मुंबई में न्यूनतम 18-20 डिग्री और अधिकतम 28-30 डिग्री तक तापमान रहेगा. आकाश मुख्य रूप से साफ या आंशिक बादलों वाला होगा. चेन्नई में 20-22 डिग्री न्यूनतम और 28-30 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ हल्की बारिश या गरज-बिजली की बौछारें संभव हैं.
घना कोहरा कर सकता है परेशान
दिल्ली-एनसीआर में 27 दिसंबर को कड़ाके की ठंड-घने कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा. IMD के अनुसार, राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है. इसकी वजह से दृश्यता काफी कम हो सकती है. न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
आसमान में नजर आएंगे आंशिक बादल
शनिवार को आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा.इस ठंड और कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है. हेल्थ एक्सपर्टों की सलाह है कि सुबह और शाम के समय यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. कई जगहों पर शीत लहर की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में गर्म कपड़े पहनकर और गाड़ी में फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करके ही यात्रा करें.
