WHO Global Summit: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने स्वास्थ्य सेवा के लिए एक एकीकृत और समावेशी दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक विज्ञान एक दूसरे के पूरक हैं न कि विरोधी. यह बयान डब्ल्यूएचओ और भारत सरकार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित दूसरे डब्ल्यूएचओ वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा शिखर सम्मेलन के समापन पर दिया गया. यह शिखर सम्मेलन बुधवार को शुरू हुआ था जिसमें 100 से अधिक देशों के मंत्री, वैज्ञानिक, आदिवासी नेता और पारंपरिक चिकित्सा विशेषज्ञ एकत्र हुए थे. सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक स्वास्थ्य प्रणालियों में पारंपरिक चिकित्सा की भूमिका पर चर्चा करना था.
पारंपरिक चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं में सहायक: टेड्रोस
समापन सभा को संबोधित करते हुए डॉ. टेड्रोस ने पारंपरिक चिकित्सा की प्रासंगिकता पर बल दिया और कहा कि यह समकालीन स्वास्थ्य चुनौतियों, जैसे आर्थिक बोझ, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और बढ़ते स्वास्थ्य खतरों का सामना करने में मदद कर सकती है. उन्होंने भारत के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को यह दिखाया है कि पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान एक दूसरे के विपरीत नहीं हैं, बल्कि एक दूसरे के पूरक हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस दृष्टिकोण को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया है. डॉ. टेड्रोस ने कहा कि यह दृष्टिकोण न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद करता है, बल्कि यह पारंपरिक चिकित्सा के द्वारा विकासशील देशों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में भी सहायक हो सकता है.
ये भी पढ़ें: सबसे अंधेरी रात: ‘प्रथमो आलो’ 27 साल में पहली बार बंद, पत्रकारों पर भीड़ का हमला, कंप्यूटर और कैश लूटे गए
WHO के प्रमुख डॉ. टेड्रोस बताया कि शिखर सम्मेलन में भागीदारों ने कई महत्वपूर्ण सहमतियों पर विचार-विमर्श किया. इनमें सुरक्षा, गुणवत्ता, और जनविश्वास को सुनिश्चित करने के लिए सामान्य और जोखिम-आधारित विनियमन पर सहमति शामिल ह. इसके अतिरिक्त, जैव विविधता और पारंपरिक ज्ञान की रक्षा करते हुए सांस्कृतिक विरासत और बौद्धिक संपदा का सम्मान करने पर भी सहमति बनी. डॉ. टेड्रोस ने डिजिटल प्रौद्योगिकियों और नवाचारों के उपयोग के माध्यम से शोध और डेटा सृजन तक पहुंच को बेहतर बनाने पर भी सहमति व्यक्त की. उन्होंने स्वास्थ्य प्रणालियों, विशेष रूप से निजी क्षेत्र में सुरक्षित और प्रभावी पारंपरिक चिकित्सा को एकीकृत करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया. शिखर सम्मेलन के समापन में डॉ. टेड्रोस ने वैश्विक स्वास्थ्य के भविष्य के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता का आह्वान करते हुए कहा कि स्वास्थ्य का भविष्य एकीकृत, समावेशी और जानकारीपूर्ण होना चाहिए. जब हम लोगों, समुदायों और पृथ्वी के बीच संतुलन बहाल करेंगे तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ समाज बना सकते हैं.
