Zee Real Heroes 2026: अगर हौसले मजबूत हों, कुछ करने की चाहत हो और मुश्किलों से लड़ना आता हो, तो हर परिस्थिति का सामाना किया जा सकता है और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई जा सकती है. कुछ ऐसा ही मामला है ‘घूंघट स्टोरी’ का. मुंबई में आयोजित ज़ी न्यूज के खास कार्यक्रम ‘ज़ी रियल हीरोज’ में ऐसी तीन नारीशक्ति ने शिरकत की, जिनकी कहानियां न केवल प्रेरणा देती हैं, बल्कि उनके संघर्ष की कहानियों से काफी कुछ सीखने को मिलता है. जी न्यूज के मंच पर गुजरात के कच्छ की पाबीबेन रबारी, राजस्थान की रूमा देवी और पद्मश्री कल्पना सरोज एक साथ पहुंची. इन तीनों की कहानियां देश की लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो कुछ करना चाहती हैं…
‘जीवन के हर मोड़ पर परीक्षा’
इन तीनों महिलाओं ने अपने जीवन में तमाम परेशानियों से जुझते हुए, नए आयाम हासिल किए. इस दौरान इन्होंने न केवल खुद का जीवन बदला बल्कि, अन्य कई लोगों को रोजगार दिया. बातचीत के दौरान पद्मश्री कल्पना सरोज ने अपने जीवन के संघर्षों को बताया और कहा कि मेरी शादी काफी कम उम्र में हो गई थी. उस जमाने में लड़कियों की शादी काफी कम उम्र में हो जाती थी. उन्होंने कहा मेरी शादी भी कम उम्र में हो गई, लेकिन दुर्भाग्यवश सफल नहीं रह सकी. पति का निधन होने के बाद मैं अपने माता पिता के पास रहने आ गई. लेकिन लोगों ने कमेंट किए और फिर मैंने जहर खा लिया.
कल्पना सरोज ने बताया कि किसी तरीके से उनका जीवन बचा और फिर उन्होंने फैसला किया कि अब कुछ करना है. इसके बाद किसी तरीके से मेहनत करते हुए मैं मुंबई पहुंची, जहां पर एक गुजराती परिवार ने मुझे अपनी बेटी के तौर पर रखा. मुझे सबसे पहले कपड़ा की एक फैक्ट्री में नौकरी मिली. सिलाई का काम शुरू किया, लेकिन मैं अच्छे से काम नहीं कर पाती थी. शुरुआत में मैंने 2 रुपये प्रतिदिन और 60 रुपये महीने की नौकरी की. इसके बाद मुंबई आई और धीरे-धीरे सब कुछ आगे बढ़ा.
नारीशक्ति से सम्मानित रुमा देवी की प्रेरणा वाली कहानी
जी न्यूज के इस कार्यक्रम में नारीशक्ति से सम्मानित राजस्थान की रूमा देवी ने भी अपने संघर्षों की कहानी को सुनाया. उन्होंने इस दौरान कहा कि काफी कम उम्र में मां को खोया था. इसके बाद कम 14 उम्र में शादी हुई. उन्होंने बताया कि दादी से काफी कुछ काम करना सीखा. शादी के बाद पैसों की जरूरत थी. पैसे की कमी के कारण अपने बच्चे को भी नहीं बचा सकी. इसके बाद खुद को और मजबूत किया और फिर साल 2008 में काम शुरू किया. इसके बाद महिलाओं का सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाया. सबने मिलकर काम किया और फिर देश के अलग-अलग शहरों में होने वाले एग्जिबिशन में हिस्सा लेकर पैसे कमाए.
यह भी पढ़ें: मैं कम इंटरव्यू देती हूं लेकिन जब ZEE का इन्विटेशन आया… ‘रियल हीरोज’ इवेंट में करीना कपूर ने कही दिल की बात
पाबीबेन रबारी ने बताया कैसे किया संघर्षों को पार?
पाबीबेन रबारी बताती हैं कि उनकी कहानी काफी गहरी है. उन्होंने बताया कि हमारा समाज भेड़ बकरियां चराने का काम करता है. पिता जी भी यही करते थे. लेकिन एक घटना में उनकी मौत हो गई. हम कुल तीन बहनें है. लोग अक्सर कहा करते थे, एक भी भाई नहीं है एक समय पर ये भी पराए घर चली जाएंगी. मैं केवल चौथी कक्षा तक पढ़ सकी थी. इसके आगे पढ़ने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता था, लेकिन हम नहीं जा सके. इसके बाद मैंने काम करने की ठानी. धीरे-धीरे इस क्षेत्र में लगी. होरिजरी के सेक्टर में काम करना शुरू किया. पहले जो हाथ से बनाते थे उसको मशीन से बनाना शुरू किया.
वहीं, जब इन तीनों नारीशक्तियों से पूछा गया कि आप क्या महसूस करती हैं कि आपके समय में भी जाति आगे बढ़ने से रोकती थी. इस सवाल के जवाब में तीनों ने कहा कि हां जाति जरूर बाधा बनती है. कई जगहों पर भेद भाव देखने को मिलता है. हालांकि, उन्होंने माना कि शिक्षा के बढने के बाद भेदभाव में कमी देखने को मिली है. वहीं, इस सवाल के जवाब में पाबी ने कहा कि जाति मायने रखती है, लेकिन आज के आधुनिक परिवेश में भेद-भाव धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें: Zee Real Heroes 2026: ‘पहले की सरकारों ने मुंबई से टैक्स वसूला, लेकिन अब…’, मंगल लोढ़ा का विपक्ष पर निशाना; ट्रंप वाला किस्सा भी सुनाया
