News in Brief

Zee Real Heroes 2026: ज़ी रियल हीरोज कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मंत्री नीतेश राणे ने हिंदुत्व, सनातन धर्म, राष्ट्रवाद, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और विकास जैसे मुद्दों खुलकर बात की. कार्यक्रम के दौरान नीतेश राणे ने कहा कि उनका ‘खून भगवा है’ और इसी वजह से वे निडर और बेखौफ हैं. 

मेरा उद्देश्य किसी धर्म को नीचा दिखाना नहीं: राणे

राणे ने कहा कि अगर देश में रहकर सनातन धर्म और हिंदू धर्म की बात नहीं की जाएगी, तो यह किसी और देश में जाकर नहीं की जा सकती. राणे के अनुसार, सही देश में सही भूमिका निभाना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य किसी धर्म को नीचा दिखाना नहीं है, लेकिन अगर कोई उनके धर्म को गलत नजर से देखता है तो उसे उसकी सही जगह दिखाना जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source

एंकर ने इस बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि सनातन धर्म कभी यह नहीं सिखाता कि दूसरे का दिल दुखाकर उसकी रक्षा की जाए. एंकर के प्रश्न का जवाब देते हुए राणे ने दावा किया कि दूसरे धर्म के नाम पर लव जिहाद जैसे मुद्दों के जरिए हिंदू समाज की बेटियों को नुकसान पहुंचाया गया और अपने धर्म को बढ़ाने के लिए मंदिरों की जगह मस्जिदें बनाए गए. उन्होंने कहा कि देश एक हिंदू राष्ट्र है और यहां पहले हिंदुओं के हितों को देखा जाना चाहिए.

भविष्य का निर्माण अतीत की नींव पर होता है: कृपाशंकर सिंह 

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर सिंह से जब इस मुद्दे पर राय मांगी गई तो उन्होंने कहा कि भविष्य का निर्माण अतीत की नींव पर होता है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म था, है और रहेगा, लेकिन इसके साथ ही विकास भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र है. कृपाशंकर सिंह ने कहा कि धर्म और विकास के बीच संतुलन जरूरी है और देश को आगे बढ़ाने के लिए दोनों की भूमिका अहम है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि सभी को धार्मिक होना चाहिए, लेकिन धर्मांध नहीं.

 

किसका विकास हो रहा ये देखना भी जरूरी: राणे

एंकर ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए सवाल किया कि क्या इसका मतलब केवल अपने धर्म को आगे बढ़ाना है और दूसरों के धर्म पर विश्वास नहीं रखना. इस पर कृपाशंकर सिंह ने दोहराया कि उनका मानना है कि धर्म का पालन जरूरी है, लेकिन कट्टरता नहीं. उन्होंने कहा कि किसी एक धर्म को सर्वोपरि मानकर दूसरे को नकारना समाज के लिए ठीक नहीं है.

इसके बाद एंकर ने नीतेश राणे से उनके मंत्रालय और उपलब्धियों के बारे में सवाल किया. जवाब में राणे ने बताया कि उनके पास महाराष्ट्र में मत्स्य पालन और बंदरगाह से जुड़े मंत्रालय हैं. उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन यह भी देखना जरूरी है कि किसका विकास हो रहा है. उनके अनुसार, विकास का लाभ पहले उन लोगों को मिलना चाहिए जो इस देश और राज्य की मिट्टी से जुड़े हैं.

राज्य में मछुआरों को दिया गया किसान का दर्जा: राणे

नीतेश राणे ने कहा कि महाराष्ट्र के पास 877 किलोमीटर लंबी समुद्री तटरेखा है और वहां मछुआरों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित थे. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बंदरगाहों के माध्यम से कई बड़े फैसले लिए हैं और राज्य की अपनी शिप बिल्डिंग पॉलिसी बनाई है. राणे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने मछुआरों को किसान का दर्जा दिया है, जो किसी अन्य राज्य में नहीं किया गया. उनका कहना था कि इससे मछुआरा समुदाय के विकास का रास्ता खुलेगा.

राणे ने यह भी कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने हालिया बजट में तटीय विकास, शिपिंग और मैरीटाइम सेक्टर के लिए बड़े फैसले लिए हैं और इन्हें जमीन पर लागू करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. राणे के मुताबिक, यह विकास महाराष्ट्र फर्स्ट की नीति के तहत किया जा रहा है.

देश को नुकसान पहुंचाने की नीयत रखने वालों के लिए कोई विकास नहीं: राणे

कार्यक्रम के दौरान एंकर ने एक तीखा सवाल उठाया कि जब सरकार इतने काम और उपलब्धियां गिना रही है, तो फिर वोटों के ध्रुवीकरण की जरूरत क्यों पड़ती है. एंकर ने यह भी पूछा कि राजनीति बढ़ाने के लिए दुकानों पर सामान खरीदने से पहले नाम पूछने जैसे बयान क्यों दिए जाते हैं. 

इस पर नीतेश राणे ने कहा कि यह जरूरी है क्योंकि सरकार यह काम हिंदू राष्ट्र के लिए कर रही है. उन्होंने कहा कि जो भी इस देश को अपना राष्ट्र मानता है और तिरंगे को अपना ध्वज मानता है, उसके लिए विकास किया जा रहा है. उनके अनुसार, जो लोग देश को नुकसान पहुंचाने की नीयत रखते हैं, उनके लिए यहां न विकास होगा और न ही जगह.

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर चर्चा करते हुए एंकर ने सवाल किया कि अगर कोई कलाकार या नागरिक अपनी बात कहता है, तो क्या उसे मंच से हटाने या देश छोड़ने की बात करना सही है. इस पर राणे ने कहा कि ऐसी बातें केवल भारत में आकर ही नहीं कही जानी चाहिए, बल्कि अगर हिम्मत है तो पाकिस्तान जैसे देशों में भी जाकर कही जाएं. उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र है, लेकिन सहनशीलता की भी एक सीमा होनी चाहिए.

एंकर ने जवाब में कहा कि यही लोकतंत्र की खूबसूरती है कि संविधान सभी को अपनी बात कहने की आजादी देता है. इस पर राणे ने कहा कि आजादी के साथ सहन करने की क्षमता भी होनी चाहिए और यह सवाल उठाया कि समाज को कितने समय तक सहन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी को देश में रहने का अधिकार है, लेकिन जो लोग भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने या जिहाद जैसी गतिविधियों की बात करते हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है.