पूरा देश प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन से गमगीन है. शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने अजित पवार को श्रद्धांजलि देते हुए दुख जताया कि महाराष्ट्र को यह क्या देखना पड़ गया. यह कहते-कहते वह भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि अजित पवार ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्हें हर कोई चाहता था. उनके जाने से महाराष्ट्र पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अजित दादा के न होने से महाराष्ट्र की राजनीति बेरंग हो गई है.
राउत ने कहा कि यह बहुत ही दुखद और दर्दनाक हादसा है. आज सुबह जब हमने बारामती में प्लेन क्रैश की खबर सुनी और पता चला कि उसमें हमारे प्रिय अजित दादा पवार भी हैं तो हम भगवान से प्रार्थना करते रहे कि किसी भी हालत में कोई बुरी खबर हमारे कानों तक न पहुंचे. हम प्रार्थना कर रहे थे कि महाराष्ट्र के लिए अजित दादा पवार जरूरी हैं. वह यहां के सामाजिक और राजनीतिक जीवन में दिखने चाहिए लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हुआ.
संजय राउत को क्या अफसोस रहेगा?
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का एक बहुत ही उम्दा नेतृत्व, दिलदार नेतृत्व महाराष्ट्र का, प्रशासनिक काम पर उनकी पकड़ रही, अच्छे वक्ता रहे, अच्छे नेता थे, कार्यकर्ताओं के लिए काम करने वाले… ऐसे नेता आज हमारे बीच नहीं रहे. महाराष्ट्र के विकास में उनका योगदान रहा है. लगभग 6 बार वह राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे. सीएम बनने की उनके अंदर पूरी क्षमता थी. यहां ऐरे-गैरे बन गए लेकिन क्षमता होने के बावजूद वह मुख्यमंत्री नहीं बन सके. ये हमारे मन में हमेशा रहेगा. उनका इशारा इस अफसोस पर था कि कई बार डिप्टी सीएम बनने के बाद भी अजित पवार सीएम नहीं बन पाए.
पढ़ें: यह हैवी क्रैश था… अजित पवार का प्लेन बारामती में कैसे गिरा? कौन-कौन था, अब तक क्या पता चला
राउत ने इसे महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से ब्लैक डे कहा. बोले अजित दादा के बिना महाराष्ट्र की राजनीति कुछ नहीं है. वह खुले विचारों वाले थे. प्रशासन पर उनकी अच्छी पकड़ थी. कभी सोचा नहीं था कि यह दिन देखना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी दुखी है. उद्धव ठाकरे दुखी हैंं. अजित दादा को श्रद्धांजलि.
