Why Great Nicobar Airport is important for India: हिंद महासागर में अपना दबदबा बढ़ाने के लिए चीन लगातार चालें चल रहा है. उसकी इन चालों पर भारत की भी गहरी नजर बनी हुई है. मोदी सरकार खामोश लेकिन दृढ़ तरीके से एक-एक कर जवाबी कदम उठा रही है. अब उसने मलक्का जल डमरू मध्य के पास ऐसा प्रोजेक्ट प्लान किया है, जो चीन की नींद उड़ाकर रख देगा. भविष्य में अगर कभी दोनों मुल्कों में जंग छिड़ी तो भारत अपने इसी प्रोजेक्ट के जरिए ड्रैगन की गर्दन कुचलकर रख देगा.
News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी सरकार भारत के सबसे दक्षिणी सिरे पर रणनीतिक एयरपोर्ट बनाने जा रही है. यह एयरपोर्ट 910 वर्ग किलोमीटर एरिया में फैले ग्रेट निकोबार द्वीप में बनाया जाएगा. इस एयरपोर्ट के बनने से जहां देश के इस दक्षिणी सिरे में पर्यटन को बूम करेगा. वहीं देश की सेनाओं को भी ताकतवर बना देगा.
ताकतवर हो जाएंगी भारत की रक्षा क्षमताएं
रिपोर्ट के अनुसार, यह एयरपोर्ट भारत की रक्षा क्षमताओं को काफी मजबूत करेगा. यहां से बड़े सैन्य विमान उड़ान भर सकेंगे और किसी भी आपात स्थिति में सेना को जल्दी कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी. इससे रक्षा से जुड़ी गतिविधियों में मिलिट्री का रिस्पॉन्स टाइम कम हो जाएगा.
डिफेंस एक्सपोर्ट ने इस प्रोजेक्ट की अहमियत समझाते हुए कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप, सिक्स डिग्री चैनल के पास है. यह चैनल दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. यानी अगर संघर्ष की स्थिति में भारतीय नौसेना यहां पर ब्लॉकेड लगा दे तो चीन की कमर टूटते देर नहीं लगेगी. यहां का नजदीकी एयरपोर्ट पोर्ट ब्लेयर 500 किमी दूर है. ऐसे में चैनल के इतने नजदीक हवाई अड्डा बनने से भारत को जबरदस्त ताकत हासिल हो जाती है. पास का बड़ा एयरपोर्ट, पोर्ट ब्लेयर, यहाँ से 500 किलोमीटर से ज्यादा दूर है.
इंटरनेशनल टूरिज्म का हब बनेगा ग्रेट निकोबार
यह एयरपोर्ट ड्यूल-यूज होगा. इंडियन मिलिट्री और आम नागरिक, दोनों इस एयरपोर्ट का यूज कर सकेंगे. इस एयरपोर्ट के रनवे और हवाई संचालन की ज़िम्मेदारी भारतीय नौसेना के पास होगी. यात्रियों के टर्मिनल और दूसरी नागरिक सुविधाओं का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया करेगी.
इस एयरपोर्ट की लोकेशन पर्यटन के लिहाज़ से भी फायदेमंद मानी जा रही है. थाईलैंड का फुकेट और मलेशिया का लंगकावी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल यहां से 500 किलोमीटर के अंदर हैं. वहीं भारत की मुख्य भूमि 1500 किलोमीटर से ज्यादा दूर है. ऐसे में हवाई अड्डा बन जाने से ग्रेट निकोबार भी अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म हब के नक्शे पर आ सकता है.
पहाड़ियों को काटकर किया जाएगा छोटा
रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेट निकोबार द्वीप लगभग 910 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है. इसका ज़्यादातर हिस्सा बायोस्फियर रिजर्व में आता है. यानी कि वह क्षेत्र प्राकृतिक वन्य जीवों के लिए रिजर्व है. इस द्वीप में शोम्पेन और निकोबारी जैसी आदिवासी जनजातियां रहती हैं. एयरपोर्ट के निर्माण में पर्यावरण और स्थानीय लोगों को संरक्षित रखने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है.
एयरपोर्ट का इलाका चारों तरफ पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा है. जिससे यहां पर विमानों को उड़ने और लैंड करने में दिक्कत आ सकती है. इस समस्या से निपटने के लिए कुछ पहाड़ियों को निश्चित ऊंचाई तक काटकर छोटा किया जाएगा, जिससे प्लेन सुरक्षित उड़ान भर सकें. यही नहीं, उड़ान के रास्ते समुद्र के ऊपर से रखे गए हैं. जिससे आबादी वाले इलाकों पर कम असर पड़े.
पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा हवाई अड्डा
एक अनुमान के अनुसार, वर्ष 2040 तक इस द्वीप की आबादी करीब 3.25 लाख हो जाएगी. उस वक्त तक इस एयरपोर्ट से सालाना करीब 13.5 लाख यात्री सफर कर रहे होंगे. इस हवाई अड्डे पर शुरुआत में घरेलू उड़ानें संचालित होंगी. इसके बाद धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी.
यह एयरपोर्ट आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल होगा. टर्मिनल को कार्बन-न्यूट्रल बनाया जाएगा. यानी कि वहां पर बिजली बनाने के लिए सौर ऊर्जा और दूसरी नवीकरणीय ऊर्जा का इस्तेमाल होगा. इसके डिजाइन में स्थानीय कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी.
