Himanta Biswa Sarma on Natun Bor-Assam Slogan: असम में इस साल के आखिर में असेंबली चुनाव होने वाले हैं. इसे लेकर बीजेपी-कांग्रेस में जमकर नूराकुश्ती चल रही है. राज्य के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने अब ‘नतुन बोर-असम’ यानी ‘नया असम’ नारे पर कांग्रेस को घेर लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मियाओं के साथ मिलकर नया असम बनाना चाहती है. ऐसा करके वह राज्य की डेमोग्राफी पूरी तरह बदल देने की साजिश कर रही है.
‘कांग्रेस कौन सा नया असम बनाना चाहती है’
गुवाहाटी में आयोजित एक जनसभा में हिमंता ने कहा कि असम की अस्मिता करीब 600 वर्ष पहले स्वर्गदेव चाओलुंग सुई-का-फा ने की थी. तब से वह ‘बोर असम’ के रूप में पहले से ही मजबूत है. ऐसे में अब कांग्रेस कौन सा नया असम बनाना चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘मियांओं’ के साथ मिलकर राज्य की अस्मिता और जनसांख्यिकी को बदलने की कोशिश कर रही है.
सरमा ने कांग्रेस से ‘नतुन बोर-असम’ नारे पर स्पष्टीकरण देने की मांग की. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस बताए कि उसका इस नारे से वास्तविक मतलब क्या है. क्या यह असम की अस्मिता को नया रूप देने का बहाना है. जब असम की पहचान पहले से ही स्थापित है तो इसे ‘नया’ कहकर बदलने की क्या जरूरत है.’
‘मियाओं के साथ गठजोड़ करने की साजिश’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राज्य की पहचान को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पार्टी ‘मियांओं’ के साथ गठजोड़ करके असम को ‘नया रूप’ देना चाहती है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का यह एजेंडा असम की ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय लोगों के हितों को खत्म कर देगा.
कौन हैं मियां, जिन पर असम में बरपा हंगामा?
बताते चलें कि असम में ‘मियां’ शब्द का इस्तेमाल घुसपैठिए बांग्लादेशी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल होता है. बीजेपी का आरोप है कि ये घुसपैठिए राज्य राजनीति के साथ ही ब्यूरोक्रेसी तक में घुसपैठ कर चुके हैं. वे सरकारी जमीनों पर कब्जे करके अपनी तादाद बढ़ा रहे हैं, जिससे असम के लोग अपने ही राज्य में अल्पसंख्यक होते जा रहे हैं. ऐसे में पार्टी अवैध प्रवासन को रोकने और NRC जैसे मुद्दों पर जोर दे रही है.
