Dr. Jagdev Singh Guleria Profile News: कहते हैं कि अपने लिए तो पशु भी जीता है लेकिन असल जीवन वही है, जो समाज और देश के लिए जिया जाए. दिल्ली एम्स के रिटायर्ड डीन रहे डॉ. जगदेव सिंह गुलेरिया ऐसे ही एक महान इंसान थे. पद्मश्री से सम्मानित डॉ. गुलेरिया का 22 जनवरी को दिल्ली में उनके घर पर निधन हो गया. वे 98 वर्ष के थे. उनके साथ काम करने वाले डॉक्टर उन्हें एक बेहतरीन डॉक्टर, शानदार शिक्षक और सच्चे मार्गदर्शक के रूप में याद करते हैं.
मरीजों की सेवा में अर्पित कर दी पूरी जिंदगी
जाने-माने फिजिशियन और कार्डियोलॉजिस्ट रहे डॉक्टर गुलेरिया ने अपनी पूरी जिंदगी मरीजों की सेवा और डॉक्टरों को गढ़ने में लगा दी. उनके दो बेटे हैं. बड़े बेटे डॉ. रणदीप गुलेरिया दिल्ली एम्स के पूर्व डायरेक्टर रहे हैं. वे इस समय मेदांता में इंटरनल मेडिसिन और रेस्पिरेटरी विभाग के चेयरमैन हैं. वहीं दूसरे बेटे डॉ. संदीप गुलेरिया एक ट्रांसप्लांट सर्जन हैं.
डॉक्टर जगदेव गुलेरिया के जाने के बाद अब करीबी लोग उनकी खूबियों को याद कर रहे हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘डॉक्टर गुलेरिया में बीमारी जांचने की गजब की क्षमता थी. वे आधे लक्षण सुनकर ही पूरी बीमारी पहचान लेते थे. उनकी समझ कमाल की थी.’
हिमाचल प्रदेश से दिल्ली तक का सफर
एम्स के पूर्व प्रोफेसर डॉ. एस. के. शर्मा बताते हैं कि डॉ. गुलेरिया हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव के रहने वाले थे. अमृतसर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से एमडी करने के बाद उन्होंने शुरुआत में पंजाब में सरकारी नौकरी की. इसी बीच 1958 में जब दिल्ली में एम्स की स्थापना हो रही थी. वे पंजाब की जॉब छोड़कर एम्स में आ गए.
उस दौर में एम्स में सुविधाएं बहुत सीमित थीं और मरीजों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया जाता था. डॉ. गुलेरिया उस समय एम्स के पहले डीएम कार्डियोलॉजी बैच में थे. उन्होंने दिसंबर 1958 में एम्स का पहला मरीज भर्ती किया. इसके बाद वे मेडिसिन विभाग के प्रमुख और फिर डीन भी बने.
आधे लक्षण सुनकर पहचान लेते थे पूरी बीमारी
प्रोफेसर डॉ. शर्मा बताते हैं कि उस दौर में बीमारी जांचने के लिए सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं थी. तब डॉक्टरों को सिर्फ अपने अनुभव और जांच के दम पर बीमारी पकड़नी होती थी. इस कला में डॉक्टर जगदेव गुलेरिया सबसे ऊपर थे.”
1987 में एम्स से रिटायर होने के बाद भी उन्होंने आराम नहीं किया. उन्होंने पूर्वी दिल्ली के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में मेडिसिन विभाग खड़ा किया. इसके बाद कई साल तक वहां काम किया. बाद में वे सीताराम भारती अस्पताल से जुड़े और करीब 30 साल तक मरीज देखते रहे.
आखिरी वक्त मरीजों का किया इलाज
एम्स के पूर्व डॉ. ए.बी. डे बताते हैं कि उन्होंने पर्वतारोही तेनजिंग नोर्गे जैसे बड़े नामों का इलाज भी किया. इसके बावजूद सभी मरीजों के साथ उनका व्यवहार एक जैसा रहता था. वे शांत, धैर्यवान और पूरी गंभीरता से सभी मरीजों का इलाज करते थे.
अपने पिता को याद करते हुए डॉक्टर रणदीप गुलेरिया बताते हैं कि उन्हें मरीजों का इलाज करना बहुत पसंद था. उन्होंने आखिरी वक्त तक मरीज देखे. उनका कहना था कि औरों की सेवा करने का मौका भगवान किसी-किसी को देता है और हमें इससे बिल्कुल भी चूकना नहीं चाहिए.
