Hardeep Singh Puri hits back Rahul Gandhi on Epstein Files: अमेरिका में यौन शोषण के अपराधी रहे एपस्टीन के साथ कथित संबंधों को लेकर राहुल गांधी के आरोपों को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बेतुका बताया है. कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए पुरी ने कहा कि उनकी एपस्टीन से दो बार मुलाकातें हुई थीं. जब ये मुलाकातें हुईं, उस समय वे सरकार का हिस्सा नहीं थे. उन्होंने इस मुलाकात के लिए एपस्टीन से कोई मांग नहीं की थी बल्कि वो उनके लिए सेट की गई थीं. मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि किसी से दो मुलाकातें जुर्म का सबूत नहीं हो जातीं. उन्होंने राहुल गांधी पर छोटी बातों को बड़ा बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे दोषारोपण करके खुद गधे बन गए हैं.
‘मेरी एपस्टीन से मुट्ठी भर मौकों पर मुलाकात हुई’
एपस्टीन के साथ अपने कथित संबंधों पर जवाब देते हुए पुरी ने कहा, ‘मेरी एपस्टीन से मुट्ठी भर मौकों पर मुलाकात हुई थी. ये मुलाकातें भी सार्वजनिक थीं और इनमें कुछ भी छिपाने लायक नहीं था. मुझे एपस्टीन की गतिविधियों में कोई रुचि नहीं थी. इसलिए एपस्टीन की नजरों में मैं सही व्यक्ति नहीं था. इस बात को एपस्टीन भी पहचान गया था, इसलिए उसने मुझे दोमुंहा कहा था.’
‘दूसरे मुल्कों के साथ व्यापार समझौते करना बेहद जरूरी’
भारत-यूएस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बात करते हुए कहा केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘भारत जैसे देश का जीडीपी का 50 प्रतिशत बाहरी क्षेत्र से आता है. ऐसे में देश की ग्रोथ को बनाए रखने के लिए दूसरे मुल्कों के साथ व्यापार समझौते करना बेहद जरूरी है. फिलहाल यह एक अंतरिम समझौते का फ्रेमवर्क है. इसलिए राहुल गांधी का यह कहना कि किसी फाइल के कारण भारत ने आत्मसमर्पण कर दिया, बिल्कुल सही नहीं है.’
‘फ्रेमवर्क पढ़ा होता तो गधा बनने से बच जाते’
मीडिया से बात करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि राहुल गांधी के आरोपों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को प्रभावित किया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘राहुल गांधी एक प्रौढ राजनेता हैं, जो खुद नहीं पढ़ते. इसलिए उन्हें बेहतर सलाहकारों की जरूरत है. अगर उन्होंने इस फ्रेमवर्क को खुद पढ़ा होता तो शायद उन्होंने खुद के पूरी तरह गधा बनने से बचने के उपाय कर लिए होते.’
क्यों उछला एपस्टीन का मामला?
बताते चलें कि अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले महीने एपस्टीन फाइल्स से जुड़े कई नए रिकॉर्ड जारी किए थे. इसमें धनी-प्रभावशाली व्यक्तियों की ओर से युवा लड़कियों के यौन शोषण का खुलासा किया था. इन खुलासों में कहा गया था कि हरदीप सिंह पुरी ने भी कई मौकों पर एपस्टीन से मुलाकात की थी.
सरकार को घेरने में जुटे हैं राहुल गांधी
इस खुलासे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार को घेरने की कोशिश में जुटे हैं. कांग्रेस नेता का आरोप है कि एपस्टीन फाइल्स में पुरी का नाम आया है. इस वजह से पीएम मोदी को भारत के लिए नुकसानदेह व्यापार और टैरिफ समझौते पर मजबूर होना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने भारत माता को बेच दिया. वहीं सरकार राहुल गांधी के इन आरोपों को फर्जी तथ्यों से खिलवाड़ बता रही है.
