Mata Vaishno Devi Bhawan Video: माला वैष्णों देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर एक कंटेंट क्रिएटर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो वैष्णों देवी भवन के अंदर का है, जहां वीडियो बनाना और फोन लेकर जाना प्रतिबंधित है. भवन के अंदर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. प्रतिबंधित होने के बाद भी वीडियोग्राफी होने पर भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच में जुटी है.
माला वैष्णों देवी की सुरक्षा-व्यवस्था पर उड़े सवाल
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में कटरा के पास स्थित मां वैष्णो देवी का मंदिर देश के प्रमुख हिंदू तीर्थ स्थलों में से एक है, यहां की सुरक्षा-व्यवस्था भी बहुत कड़ी रहती है. वहीं मंदिर भवन में मोबाइल फोन या कैमरा लेकर जाना प्रतिबंधित है, साथ ही भवन के अंदर किसी भी तरह के फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं होती है. इतनी कड़ी व्यवस्था के बीच एक कंटेंट क्रिएटर भवन के अंदर का वीडियो बनाने में सफल रही. इतना ही नहीं कंटेंट क्रिएटर ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद ये वीडियो जमकर वायरल होने लगा. अब इसको लेकर माता वैष्णो देवी के सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल बड़े खड़े हो गए हैं.
कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया भवन के अंदर का वीडियो
माता वैष्णो देवी भवन के अंदर का वीडियो शेयर करने वाली कंटेंट क्रिएटर का नाम ‘शिखा’ बताया जा रहा है. शिखा ने इस वीडियो में अपने दर्शन का पूरा वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने भवन में जाने के रास्ते से लेकर, भवन के अंदर तक का वीडियो शेयर किया है. इतना ही नहीं शिखा ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम प्लैटफॉर्म पर शेयर भी किया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. हालांकि वीडियो के वायरल होने के कुछ ही समय के बाद कंटेंट क्रिएटर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से ये वीडियो डिलीट कर दिया.
FIR हुआ दर्ज
हैरानी की बात ये है कि माता वैष्णो देवी भवन के अंदर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करना पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बाद भी महिला ने वीडियो बना लिया. ये सुरक्षा व्यवस्था में संभावित बड़ी चूक की तरह देखा जा रहा है. वहीं इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल प्रशासन की ओर एस इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंजार किया जा रहा है.
