News in Brief

जिस जमी हुई बर्फ पर कभी सैकड़ों लोग बेखौफ होकर चलते थे, आज वहीं से मौत का कुआ बन गया है. लद्दाख की शान माने जाने वाले चादर ट्रेक पर अचानक कुदरत ने अपना रंग बदल दिया. जमा हुआ जांस्कर नदी का पानी पिघलने लगा और रोमांच का यह सफर खतरनाक बन गया. प्रशासन को मजबूरन बड़ा फैसला लेना पड़ा और इस मशहूर विंटर ट्रेक पर रोक लगा दी गई. यह फैसला न सिर्फ पर्यटकों के लिए, बल्कि एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े लोगों के लिए भी चौंकाने वाला है.

जांस्कर नदी पिघली, चादर ट्रेक पर रोक 

लद्दाख यूटी प्रशासन ने मंगलवार को जमी हुई जांस्कर नदी पर होने वाले प्रसिद्ध चादर ट्रेक को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया. बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) और यूटी डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की संयुक्त समिति ने निरीक्षण के बाद पाया कि नदी की बर्फ पिघलने लगी है. इससे ट्रेक बेहद खतरनाक हो गया है. इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने तुरंत ट्रेक पर रोक लगाने का आदेश जारी किया. प्रशासन ने साफ किया कि निलंबन अवधि में किसी भी तरह की ट्रेकिंग या एडवेंचर गतिविधि की अनुमति नहीं होगी.

Add Zee News as a Preferred Source

 20 जनवरी के बाद होगा हालात का दोबारा आकलन 

लेह में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सीईओ गुलाम मोहम्मद ने बताया कि 20 जनवरी के बाद हालात की समीक्षा की जाएगी. इसके आधार पर आगे कोई फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन चादर ट्रेक के महत्व को समझता है, क्योंकि यह लद्दाख में सर्दियों के पर्यटन का बड़ा जरिया है. हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक इस ट्रेक के लिए पहुंचते हैं. हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल किसी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता.

 सुरक्षा इंतजाम और घटती पर्यटक संख्या 

पिछले दो वर्षों से सरकार ने चादर ट्रेक पर सुरक्षा बढ़ाई थी. SDRF और NDRF की टीमें तैनात की गई थीं और ट्रेकर्स को मेडिकल सहायता भी दी जा रही थी. प्रशासन ने यह भी अनिवार्य किया था कि मेडिकल क्लीयरेंस के बिना किसी पर्यटक को ट्रेक की अनुमति नहीं दी जाएगी. जहां पिछले साल करीब 500 पर्यटक इस ट्रेक में शामिल हुए थे, वहीं इस साल अब तक 300 से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. माइनस 25 डिग्री तक गिरने वाले तापमान के बीच अब यह रोमांच फिलहाल थम गया है.