News in Brief

Telangana Phone Tapping Case Latest News: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने फोन टैपिंग मामले में बुधवार को भारत राष्ट्र समिति (BRS) पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली BRS सरकार ने अपने 10 साल के शासनकाल के दौरान बड़े पैमाने पर राजनीतिक विरोधियों की फोन टैपिंग करवाई. उन्होंने दावा किया कि केवल राजनीतिक विरोधी ही नहीं बल्कि सार्वजनिक हस्तियों और आम नागरिकों की निजी जिंदगी में भी सेंधमारी की गई. यहां तक कि पति-पत्नी के बीच की निजी बातचीत भी सुनी गई.

‘क्या ये इंसान हैं भी’ 

मिर्यालागुडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रेवंथ रेड्डी ने BRS पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ‘क्या ये इंसान हैं भी? पिछली सरकार के कथित फोन टैपिंग मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीआरएस के शासनकाल में किसी को नहीं बख्शा गया. राजनीतिक विरोधियों, जजों, पत्रकारों, विपक्षी नेताओं और यहां तक कि फिल्म अभिनेताओं तक की फोन कॉल्स पर नजर रखी गई.’ 

Add Zee News as a Preferred Source

मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने कहा, ‘क्या कोई पति-पत्नी के बीच की बातचीत सुनता है? क्या ये इंसान हैं? क्या किसी और की फोन कॉल सुनने वाला इंसान कहलाने लायक है?’ 

‘फोन टैप करके पति-पत्नी की बातें सुनी’

सीएम रेड्डी ने  कहा, ‘उन्होंने दस साल तक शासन किया और तेलंगाना को लूटा. करोड़ों रुपये कमाए. धन कमाना तो सहन किया जा सकता था, लेकिन उन्होंने फोन टैप किए और पति-पत्नी की बातें सुनीं. क्या कहीं ऐसे लज्जास्पद लोग मिलेंगे?’ 

रेड्डी ने आगे कहा, ‘ऐसा अपराध करने वाले को काले कपड़े से सिर ढककर अपराधी की तरह लाया जाना चाहिए. पूर्व मंत्री हरीश राव और केटी रामा राव को भी सिर ढककर पूछताछ के लिए लाना चाहिए था.’

‘केसीआर केवल अपनी पार्टी के नेताओं के लिए महान’

मुख्यमंत्री ने बीआरएस नेताओं की ओर से केसीआर को तेलंगाना का पिता कहने पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि केसीआर केवल अपनी पार्टी के नेताओं के लिए महान हैं. 

सीएम रेड्डी का बयान ऐसे समय में आया है, जब सरकार के निर्देश पर तेलंगाना पुलिस की SIT फोन टैपिंग मामले की जांच कर रही है. इसी जांच के क्रम में एसआईटी ने 1 फरवरी को BRS मुखिया और पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव से उमनके आवास पर 5 घंटे पूछताछ की थी. जिस पर बीआरएस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया था.