Can a Vaccinated Pet Dog Bite Cause Rabies: क्या किसी कुत्ते को एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगने के बाद वह लोगों के लिए खतरनाक नहीं रहता है? इस सवाल को लेकर अधिकतर लोग आज तक गफलत में रहे हैं. उनका मानना है कि अगर किसी कुत्ते का वैक्सीनेशन करवा लिया जाए तो उसके काटने से रैबीज का खतरा खत्म हो जाता है. लेकिन यह पूरी तरह सच में हुई. हाल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पालतू कुत्ते के काटने से 50 वर्षीय महिला की रेबीज से मौत हो गई. हैरानी की बात ये है कि जिस कुत्ते ने काटा, उसे पहले ही एंटी-रेबीज वैक्सीन लगी हुई थी. इसके बावजूद महिला को रेबीज होने और मरने से नहीं बचाया जा सका.
4 महीने पहले कुत्ते ने काटा था
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुजरात के गांधीनगर में सामने आई है. महिला एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की बेटी थीं. वह एक स्कूल में टीचर के रूप में काम करती थीं. करीब 4 महीने पहले उन्हें एक स्टाफ मेंबर के बीगल नस्ल के कुत्ते ने काट लिया था. लेकिन इसके बावजूद महिला ने यह सोचकर इलाज नहीं कराया कि वह कुत्ता पहले ही वैक्सीनेटेड था और उसे एंटी-रेबीज इंजेक्शन लग चुके थे. उनकी यही चूक जानलेवा बन गई.
रेबीज फैलने पर महिला की मौत
दिसंबर के आखिर में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. उन्हें बुखार, कमजोरी और दिमाग से जुड़ी परेशानियां होने लगीं. कुछ समय बाद काटने वाले कुत्ते में भी रेबीज के लक्षण दिखने लगे. हालत गंभीर होने पर महिला को 30 दिसंबर को उन्हें गांधीनगर के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. करीब 15 दिन तक उनका इलाज चला, लेकिन 17 जनवरी को महिला की मौत हो गई.
कुत्ते के वैक्सीनेशन से बचाव नहीं
इस घटना के बाद कुत्तों के वैक्सीनेशन के बावजूद उनसे रेबीज फैलने का सच बाहर आ गया है. डॉक्टरों का कहना है कि केवल कुत्ते का वैक्सीनेटेड होना इस बात की गारंटी नहीं देता कि रेबीज का खतरा नहीं होगा. अगर कुत्ते के काटने के बाद तुरंत इंजेक्शन न लगवाया जाए तो जान जा सकती है. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ.
कुत्ता काट लेने पर क्या करना चाहिए?
डॉक्टरों के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले तो सबसे पहले उसे घाव को साबुन और पानी से अच्छी तरह धो लेना चाहिए. जिससे वायरस शरीर में प्रवेश न कर सके. इसके तुरंत बाद अस्पताल जाकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाना चाहिए. इस दौरान कई बार जरूरत पड़ने पर इम्यूनोग्लोबुलिन भी दिया जाता है, जो जान बचाने में मदद करता है.
डर या गुस्सा? इस शहर में जहरीला इंजेक्शन लगाकर 100 आवारा कुत्तों का मर्डर, आखिर लोग क्यों हो गए इतने ‘बेरहम’
रेबीज फैलने पर इंसान का बचना मुश्किल
हेल्थ एक्सपर्टों का साफ कहना है कि रेबीज एक ऐसी बीमारी है, जिसके लक्षण दिखने के बाद मरीज को बचाना लगभग नामुमकिन हो जाता है. इसलिए किसी भी कुत्ते के काटने को हल्के में नहीं लेना चाहिए, चाहे वह पालतू हो या आवारा या उसे वैक्सीन लगी हो या न लगी हो. ऐसे मामलों में सावधानी और समय पर इलाज ही एकमात्र बचाव है. ऐसा न करने पर इंसान को मरने से कोई नहीं बचा सकता.
