All India Weather Updates 14 February 2026: अब ठंड का प्रकोप जनवरी के मुकाबले धीरे धीरे घट गया है और बसंत ऋतु का अहसास लोगों को खुलकर हो रहा है. पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है और ठंड भी सुबह-शाम-रात में सिमट कर रह गई है. हालांकि ठंडी हवाएं लोगों को अब भी सर्दी का अहसास करा रही हैं. इसकी वजह से शादी-ब्याह वाले घरों में भी चैन की बंशी बज रही है कि उनकी खुशियों मौसम विलेन बनकर खड़ा नहीं हो जाएगा. लेकिन क्या यह खुशी टिकाऊ है या अगले दो दिनों में मौसम कोई खेल करने वाला है. इसे लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बड़ा अपडेट जारी किया है.
वीकेंड पर सुहावना बना रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक, इस वीकेंड यानी शनिवार-रविवार को मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा. दिन में ठीक-ठाक धूप निकलेगी. लेकिन ठंडी हवाएं भी लोगों को परेशान करेगी. दिल्ली-एनसीआर के साथ साथ समूचे उत्तर भारत में वीकेंड को ऐसा ही मौसम रहेगा. पूर्वी और मध्य भारत में भी मौसम शुष्क रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं.
बड़ा मौसमी बदलाव होने की उम्मीद नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 16 फरवरी तक देश भर में कोई बड़ा मौसमी बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. उस दौरान अगला पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पहाड़ों के पास पहुंचने का अनुमान है. जिसके बाद कुछ राज्यों में बूंदाबांदी और ऊपरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.
ठंडी हवाएं लोगों को करती रहेंगी परेशान
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस सोमवार तक देश के बड़े हिस्से में ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में इन हवाओं का प्रभाव महसूस होगा.
इन इलाकों में लू जैसे हालात बनने का अंदेशा
उत्तर भारत में ठंडी हवाओं के उलट कर्नाटक के तटीय इलाकों, कर्नाटक, कोकण और गोवा क्षेत्र में लू जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है. रायगढ़, रत्नागिरी, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, मुंबई और गोवा में तापमान सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहने के आसार हैं. अगर ऐसा होता है तो वहां पर एकाएक गर्मी बढ़ने से लोगों को परेशानी हो सकती है.
