News in Brief

No-confidence motion against Om Birla: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ दुसरे सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी को लेकर संसद का माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है. सूत्रों के मुताबिक विपक्षी सांसद स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ नो कॉन्फिडेंस मोशन लाने की योजना बना रहे हैं. यह कदम उस विवाद के बाद उठाया जा रहा है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है. यह मामला राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान सामने आया था. विपक्ष का कहना है कि सदन में उनकी बात को जानबूझकर रोका गया था. इसी वजह से संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक तनाव बढ़ गया है. विपक्ष इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर देख रहा है.

पिछले सप्ताह से हुई थी इसकी शुरुआत
इस पूरे विवाद की शुरुआत पिछले सप्ताह हुई थी. उस दिन लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला था. राहुल गांधी ने वर्ष 2020 में चीन के साथ हुए गलवान संघर्ष का जिक्र किया था. उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अभी प्रकाशित नहीं हुई किताब का हवाला दिया था. इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने आपत्ति जताई. स्पीकर ने कहा कि किसी अप्रकाशित किताब का उल्लेख सदन में नहीं किया जा सकता. इसी आधार पर राहुल गांधी को आगे पढ़ने और बोलने की अनुमति नहीं दी गई. इसके बाद विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी थी और सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई थी.

इसी बीच पांच फरवरी को स्पीकर ओम बिरला ने एक और अहम बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कुछ कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री की सीट तक जाकर कोई अप्रत्याशित घटना कर सकते हैं. इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उस दिन सदन में नहीं आने का अनुरोध किया था. स्पीकर के इस बयान के बाद विपक्ष और ज्यादा आक्रामक हो गया. विपक्ष ने इसे बहुत गंभीर आरोप बताया. उनका कहना है कि इस तरह की बातें करके सांसदों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

आज भी नहीं हो पाया कोई काम
सोमवार को जब सप्ताह की पहली कार्यवाही शुरू हुई, तो लोकसभा में कोई भी विधायी काम नहीं हो सका. प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने फिर नारेबाजी शुरू कर दी. उनकी मांग थी कि भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार ढांचे पर चर्चा कराई जाए. लगातार शोर के बीच स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि सदन बहस और चर्चा के लिए है. सभी सांसदों को बोलने का मौका मिलेगा. किसी को भी बोलने से नहीं रोका जाएगा. इसके बावजूद हंगामा जारी रहा और सदन शुरू होने के करीब सात मिनट बाद ही कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

स्पीकर ने अंत में कहा कि क्या आप सदन को चलने नहीं देना चाहते. क्या आप काम नहीं करना चाहते. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सभी मुद्दों पर चर्चा की अनुमति होगी. लेकिन सदन की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है. भारी शोर के बीच उन्होंने कार्यवाही दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी. उल्लेखनीय है कि सोमवार को दोनों सदनों में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा जारी रहनी थी. यह बजट एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया था. यह लगातार नौवीं बार था जब उन्होंने लोकसभा में केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया है.

ये भी पढ़ें: UK के राजदूत का एपस्टीन विवाद में नाम आने से बढ़ा बवाल, PM स्टार्मर के ‘राइट हैंड’ ने दिया इस्तीफा