Pariksha Pe Charcha 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें एडिशन के दूसरे एपिसोड के दौरान छात्रों से बातचीत की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मविश्वास के महत्व पर जोर देते हुए स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध शिकागो भाषण से जुड़ा एक किस्सा छात्रों के साथ साझा किया. उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास के दो हिस्से होते हैं- ‘आत्म’ और ‘विश्वास’. जिसके भीतर खुद पर विश्वास होता है, वह किसी भी परिस्थिति से डरता नहीं है और चुनौतियों का सामना कर सकता है.
व्यक्ति को खुद पर करना चाहिए भरोसा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि जो व्यक्ति खुद पर भरोसा करता है, वह किसी भी स्थिति का गहराई से अध्ययन करता है और उसी के अनुसार आगे बढ़ता है. इसी क्रम में उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए बताया कि आज जिस शिकागो भाषण के लिए उन्हें पूरी दुनिया याद करती है, उस भाषण से पहले वे भी काफी नर्वस थे.
प्रधानमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने अपने एक शिष्य को पत्र लिखकर उस समय की मनस्थिति का वर्णन किया था. पत्र में विवेकानंद ने लिखा था कि शिकागो में भाषण देने से पहले वे घबरा गए थे क्योंकि वहां दुनिया भर के बड़े-बड़े विद्वान, तपस्वी और विचारक मौजूद थे. उन्हें यह चिंता थी कि वे मंच पर क्या बोलेंगे.
स्वामी विवेकानंद भी हुए थे नर्वस: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने उस पत्र में लिखा कि उन्होंने मन ही मन मां सरस्वती का स्मरण किया और प्रार्थना की कि उन्होंने जीवन में जो भी सीखा है, वह सब एक साथ उनकी वाणी में आ जाए. इसके बाद वे मंच पर गए और जैसे ही उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत ‘सिस्टर्स एंड ब्रदर्स ऑफ अमेरिका’ शब्दों से की, सभागार में करीब दो मिनट तक तालियां बजती रहीं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि वही क्षण स्वामी विवेकानंद के जीवन का टर्निंग प्वाइंट बन गया. उस प्रतिक्रिया ने उन्हें यह एहसास दिलाया कि वे अपने बारे में जितना सोचते थे, उससे कहीं अधिक सामर्थ्य उनके भीतर मौजूद है. वहीं से उनका आत्मविश्वास और मजबूत हो गया. पीएम मोदी ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में चाहे कोई कितना ही अच्छा वक्ता, खिलाड़ी या कलाकार क्यों न हो, असफलता सभी के जीवन में आती है.
ये भी पढ़ें: क्या इंसान बन जाएगा मशीन का गुलाम? पीएम मोदी ने AI के डर पर छात्रों को दिया ‘स्मार्ट’ मंत्र
पीएम मोदी ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए पूछा कि क्या वे कभी शून्य पर आउट नहीं हुए. छात्रों के जवाब के बाद पीएम मोदी ने कहा कि असफलता आने पर यह देखना जरूरी है कि हम उससे क्या सीखते हैं, न कि निराश होकर बैठ जाएं. उन्होंने कहा कि जीवन की चुनौतियों का समाधान कोई और नहीं करता, बल्कि हमें स्वयं करना होता है. परिस्थितियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है.
