pakistan drone weapons smuggling: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है. यह मामला मावा के पल्लुरा इलाके से जुड़ा है. यहां पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की कोशिश की गई थी. बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस साजिश को पकड़ लिया है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक यह एक प्लान किया हुआ प्रयास था, जिसका मकसद सीमा पार से हथियारों की तस्करी करना था.
पाकिस्तान ने ड्रोन के जरिए भेजे थे कंसाइनमेंट
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ने ड्रोन के जरिए दो कंसाइनमेंट भेजी थीं. इन्हें बेहद चालाकी से ऐसी जगह गिराया गया था, जहां आम लोगों की नजर आसानी से न पहुंचे. ड्रोन से गिराए गए हथियारों को इस तरह छिपाया गया था कि सुरक्षा एजेंसियों को शक न हो, लेकिन सतर्कता और खुफिया जानकारी के चलते सुरक्षा बलों ने समय रहते इस कोशिश को पकड़ लिया है.
पल्लुरा इलाके को ड्रॉपिंग के लिए खास तौर पर चुना गया था. इस क्षेत्र में खेतों के बीच एक घना जंगल मौजूद है. जंगल के अंदर एक छोटा नाला भी है, जिसमें पूरे साल पानी बहता रहता है. माना जा रहा है कि इसी वजह से यह जगह चुनी गई हैं. जंगल की आड़ में ड्रोन को छिपाना आसान होता है. साथ ही नाले के आसपास छिपकर हथियारों को उठाना भी संभव हो जाता है.
Zee News ने किया डिकोड
इस पूरी साजिश का मकसद साफ था. पहले ड्रोन के जरिए हथियार गिराए जाएं. इसके बाद सीमा के अंदर मौजूद नेटवर्क के जरिए इन्हें आगे पहुंचाया जाए. Zee News ने इस पूरे ऑपरेशन की योजना और लोकेशन को डिकोड किया है. चैनल ने ऑन कैमरा दिखाया कि कैसे पाकिस्तान ने बेहद सोच-समझकर जगह चुनी थी, ताकि हथियारों की चुपचाप रिकवरी हो सके. इसे पाकिस्तान की ड्रोन तस्करी का बड़ा खुलासा माना जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस मामले में कुछ स्थानीय ओवर ग्राउंड वर्कर्स भी शामिल हो सकते हैं. माना जा रहा है कि ये लोग पाकिस्तानी आतंकियों की मदद कर रहे थे. इसी आशंका के चलते इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं. पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
