Somnath Swabhiman Parv: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से अपने गृहराज्य गुजरात के दौरे पर रहेंगे. जहां पर वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी का ये दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है. प्रधानमंत्री की ये यात्रा केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पीएम देश ही नहीं, दुनिया को एक साथ कई बड़े संदेश देंगे. प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में भी हिस्सा लेंगे.
दरअसल, यह कार्यक्रम में 1026 ईस्वी में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर पर किए गए आक्रमण की 1,000वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी को भी शामिल होना है. तय शेड्यूल के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां पर ओंकार मंत्र का जाप करेंगे. इन सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है.
पीएम मोदी ने शेयर किया वीडियो
अपनी गुजरात यात्रा से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है. इस वीडियो में सोमनाथ मंदिर के भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप का वर्णन किया गया है. वीडियो में गायक हंशराज रघुवंशी की आवाज में एक भजन भी शामिल है.
भगवान श्री सोमनाथ सृष्टि के कण-कण में विराजते हैं। उनकी अखंड आस्था अनंत काल से निरंतर प्रवाहित हो रही है। वे सदैव भारत की आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रतीक रहेंगे। pic.twitter.com/XounUARIFb
January 9, 2026
पीएम मोदी ने क्या कहा?
इस वीडियो को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि भगवान श्री सोमनाथ सृष्टि के कण-कण में विराजते हैं. उनकी अखंड आस्था अनंत काल से निरंतर प्रवाहित हो रही है. वे सदैव भारत की आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रतीक रहेंगे.
पीएम का पूरा शेड्यूल यहां जानिए
पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी आज यानी शनिवार से 12 जनवरी तक गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और अपना संबोधन भी देंगे. पीएम मोदी की इस गुजरात यात्रा के दौरान सबकी नजर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर होगी. यह एक बड़ा और सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम है. शनिवार रात 8 बजे के करीब पीएम मोदी ओंकार मंत्र के जाप में भाग लेंगे.
बताय जा रहा है कि इस आध्यात्यमिक कार्यक्रम के बाद मंदिर परिसर में एक ड्रोन शो होगा, जिसको पीएम मोदी देखेंगे. वहीं, रविवार को पीएम मोदी सुबह के करीब 9.45 बजे शौर्य यात्रा में शामिल होंगे. अभी तक की जानकारी के अनुसार, रविवार को होने वाली शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस निकलेगा, जो बलिदान और वीरता का प्रतीक होगा. वहीं, इसके करीब एक घंटे बाद पीएम मोदी सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और अपना संबोधन देंगे.
12 जनवरी क्यों है खास?
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा में 12 जनवरी की तिथि का खास महत्व है. ऐसा इसलिए क्योंकि सोमवार को पीएम मोदी अहमदाबाद में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है. दोनों नेता इस मुलाकात के बाद साबरमती आश्रम जाएंगे और साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय पतंग उत्सव में शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: ‘हमने किसी के मंदिर नहीं तोड़े, लेकिन…’, युवाओं को अजित डोभाल ने याद दिलाई इतिहास की बात; क्यों कहा अब फैसला लेना बहुत जरूरी?
