Republic Day red carpet and foreign policy: देश में 77वें गणतंत्र दिवस की धूम है. इसकी पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को राष्ट्र को संबोधित (President Droupadi Murmu Addresses Nation) किया. रायसीना हिल से शुरू होने वाली परेड को देखने के लिए जब मुख्य अतिथि रेड कार्पेट पर भारत के राष्ट्रपति के साथ बग्घी या कार में फिर मंच तक पैदल जाने का जो चंद कदमों का फासला तय करते हैं, उसमें भविष्य के लिए बड़े संकेत छिपे होते हैं.
मुख्य अतिथि कौन होगा? इसका चयन दूरगामी हितों को ध्यान में रखकर होता है. अतिथि देश का चुनाव करने में विदेश मंत्रालय की अहम भूमिका होती है. कैसे महज चंद घंटों के आयोजन में शामिल होने आए मुख्य अतिथि के मूल देश के साथ भारत के भविष्य के रिश्तों की नई पटकथा लिख दी जाती है, आइए इसके बारे में आपको बताते हैं. मुख्य अतिथि के चुनाव से लेकर उनके स्वागत के लिए बिछाए गए रेड कार्पेट में भविष्य में भारत की विदेश नीति की झलक दिख जाती है.
विदेश नीति और विदेशी मेहमान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगुवाई में होने वाली परेड की अध्यक्षता भारतीय राष्ट्रपति करते हैं, और चीफ गेस्ट उनके बगल में बैठते हैं. जो प्रेसिडेंशियल चेयर के एकदम नजदीक बैठते हैं. इस बार के आयोजन के मुख्य अतिथि यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो कोस्टा और यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन हैं. दोनों वैश्विक नेता 77 साल के भारतीय गणतंत्र के वैभव और ताकत के गवाह बनेंगे.
चीफ गेस्ट कौन होगा इसे लेकर एक्सपर्ट्स का मानना है कि चीफ गेस्ट के चुनाव के दौरान भारत की विदेश नीति की प्राथमिकताओं और केंद्र सरकार किसी खास समय पर जिस देश या क्षेत्र के साथ अपने रिश्तों को हाईलाइट करना चाहती है, उसे ही न्योता दिया जाता है.
वर्तमान वैश्विक स्थितियां और अतिथि देश
इस बार के आयोजन के मुख्य अतिथि के भारत दौरे के शेड्यूल पर नजर डालें तो बहुत सी चीजें अपने आप साफ हो जाती हैं. यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन 25 से 27 जनवरी 2026 तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. ये नेता गणतंत्र दिवस समारोह के साथ-साथ भारत-ईयू शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे. उर्सुला ने रविवार को नई दिल्ली में लैंड करने से पहले कहा था कि यूरोपियन यूनियन भारत के साथ अभूतपूर्व डील (मदर ऑफ आल डील) करने जा रहा है.
वर्तमान समय में बीते साल भर से पूरी दुनिया ट्रंप के टैरिफ वार यानी टैरिफ थ्रेट से परेशान है. ट्रंप सालभर से भारत पर दबाव डालकर झुकाना चाह रहे हैं, लेकिन भारत बिना वाशिंगटन के दबाव में आए अपने देशहित में फैसला ले रहा है. रूस से सस्ते तेल की खरीद से लेकर रूस से संबंध और मजबूत होने पर ट्रंप खफा है. जानकारों का मानना है कि ट्रंप मैडमैन थ्योरी पर चल रहे हैं. ये वो थ्योरी है जिसकी शुरुआत कभी अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने की थी. इस थ्योरी पर चलते हुए दुनियाभर को अपने अप्रत्याशित फैसलों से धमका रहे ट्रंप ने अपने दोस्तों को भी खूब खरी-खोटी सुनाई है. ऐसे में वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर यूरोप और भारत एक दूसरे के करीब आ गए हैं. जिसकी पुष्टि 2026 के गणतंत्र दिवस समारोह के चीफ गेस्ट के स्वागत में बिछे रेड कार्पेट वेलकम से होती है.
गणतंत्र दिवस की इस परेड में दुनियाभर के नेताओं ने हिस्सा लिया है. कुछ अपवाद छोड़ दें तो हर बार मुख्य अतिथि के चयन की प्रक्रिया ने भारत के वैश्विक रिश्तों और रणनीतिक प्राथमिकताओं में आए बदलाव की ओर सीधा इशारा किया है. हमारे अमेरिका, ब्रिटेन से लेकर श्रीलंका और भूटान तक के नरेश आयोजन के मुख्य अतिथि रह चुके हैं.
सिलेक्शन प्रॉसेस
चीफ गेस्ट की बदलती लिस्ट दुनिया के साथ भारत के बदलते एंगेजमेंट को दिखाती है. सिलेक्शन प्रोसेस गोपनीय रहता है. कुछ पूर्व राजनयिकों और मीडिया रिपोर्ट्स के अध्यन से पता चलता है कि इस चयन प्रकिया की शुरुआत आमतौर पर विदेश मंत्रालय के दफ्तर में होती है, जो पोटेंशियल इनवाइटीज की एक शॉर्टलिस्ट तैयार करता है. चीफ गेस्ट कौन होगा? इसका आखिरी फैसला पीएमओ करता है. आगे चुने हुए देशों के साथ ऑफिशियल संवाद होता है. अमूमन इस प्रोसेस में कई महीने लग जाते हैं. बराक ओबामा जैसे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति भी इस परेड के मुख्य अतिथि रह चुके हैं.
परेड अपडेट
26 जनवरी की परेड सुबह 9.30 बजे शुरू होगी. एंट्री गेट सुबह 7 बजे खुल जाएंगे. दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण होगा. परेड शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल जाकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तिरंगा फहराएंगी. इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड शुरू होगी. सेना, सुरक्षाबलों की टुकड़ियों, राज्यों और केंद्र सरकार के विभागों की झांकी निकलेगी. आगे एक एयरफोर्स का फ्लाई-पास्ट होगा, जिसमें राफेल, सुखोई जैसे 29 जेट हिंद की ताकत दिखाएंगे.
