China construction near Pangong Tso buffer zone: चीन की विस्तारवादी नीति से दुनिया वाकिफ है. 1962 को छोड़ दें जब भारत-चीन संघर्ष के अंत में चीन ने करीब 38,000 वर्ग किमी भारतीय क्षेत्र पर अवैध कब्जा कया था. तब से अब तक ‘ड्रैगन’ एक इंच जमीन नहीं हड़प पाया है. गलवान के संघर्ष में भारतीय जवानों ने चीनी फौज को मुंहतोड़ जवाब दिया. बीते कई सालों से भारत और चीन के बीच सैन्य स्तर की बातचीत के चलते लंबे समय से शांति बनी हुई है. इस बीच चीन पैंगोंग त्सो बफर जोन के पास निर्माण बढ़ा रहा है. हालांकि यह गतिविधि चीनी कब्ज़े वाले इलाके में है, लेकिन यह 2020 के सीमा विवाद के बाद बीजिंग की जमीनी मौजूदगी को मजबूत करती है.
बीजिंग की हिमाकत
भारत-चीन सीमा (India China border) में एक हालिया और बड़े डेवलपमेंट के तहत मिली लेटेस्ट सैटेलाइट इमेज से पता चला है कि चीन भारत के साथ लद्दाख सीमा पर बफर जोन के पास पक्के स्ट्रक्चर बना रहा है. हालांकि ये स्ट्रक्चर चीनी कब्ज़े वाले इलाके में हैं, लेकिन पैंगोंग त्सो के इतने करीब होने से यह पता चलता है कि 2020 में इस इलाके में हुए गलवान संघर्ष के बाद बीजिंग ने एक बार फिर अपनी दादागिरी दिखाने की हिमाकत की है.
जियो-स्ट्रैटेजिक एक्सपर्ट डेमियन साइमन ने X पर सैटेलाइट इमेज शेयर की. अपनी पोस्ट में साइमन ने लिखा- ‘चीन पैंगोंग त्सो में भारत के साथ मिलिट्री बफर जोन के पास नई इमारतें बना रहा है. ये हरकत उसके कथित क्षेत्रीय दावों को की ओर इशारा करती हैं.
जैसा कि आप साइमन की पोस्ट में वो इलाका देख सकते हैं, जहां चीन इमारतें बना रहा है. यह जगह एक घाट और सैनिकों के रहने की जगह के पास है, जो बफर ज़ोन के पार पहली PLA पोस्ट के नजदीक है.
एक और रिपोर्ट में खुलासा
द इकोनॉमिस्ट की एक हालिया रिपोर्ट में भी इस इलाके में चीन द्वारा पक्के स्ट्रक्चर में बढ़ोतरी की बात कही गई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि बीजिंग इस अहम इलाके में नई दिल्ली की तुलना में चार गुना तेज़ी से इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है.
भारत की सेना तैयार
चीन की चालबाजियों को भारत अच्छी तरह जानता है. उसे कब कैसे मुंहतोड़ जवाब देना है, ये भारतीय सेना को मालूम है. दरअसल भारत की सेना आज दुनिया की चौथी सबसे ताकतवर और बड़ी सेना है. 1962 की तुलना में आज भारत की सेना चीन के लगभग बराबरी की ताकत हासिल कर चुकी है. LaC के हालातों पर भारतीय सेना की नजर है, इसलिए ‘ड्रैगन’ के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे.
