
Jammu Kashmir News: जम्मू की जमीन से आंतक को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, सरकार की कोशिश है कि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि जम्मू कश्मीर में न हो, इसी के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में बैठे कुख्यात आतंकी हैंडलर और लॉन्च कमांडर रफीक नाई उर्फ सुल्तान की गुरसई थाना क्षेत्र में स्थित अचल संपत्ति को यूएपीए के तहत अटैच कर लिया है. यह कार्रवाई गुरसई थाना में दर्ज FIR संख्या 194/2024 के तहत की गई है.
कहां पर जब्त की गई संपत्ति?
पुलिस के मुताबिक जिस संपत्ति को जब्त किया गया है, वह मेंडर तहसील के नक्का मजहरी इलाके के नार गांव में स्थित 4 मरला और 2 सरसाई कृषि भूमि है. यह जमीन रफीक नाई के नाम दर्ज है, जो इसी क्षेत्र का रहने वाला है लेकिन लंबे समय से पाकिस्तान में बैठकर आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा है.
कमांडर के तौर पर जाना जाता है नाई
रफीक नाई उर्फ सुल्तान को तहरीक-उल-मुजाहिदीन / जम्मू कश्मीर गजनवी फोर्स जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों का पाकिस्तान स्थित आतंक हैंडलर और लॉन्चिंग कमांडर माना जाता है, सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह पुंछ-राजौरी सेक्टर में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी, घुसपैठ में मदद, प्रशिक्षित आतंकियों की लॉन्चिंग और आतंकी मॉड्यूल को फिर से ज़िंदा करने का मास्टरमाइंड है.
कई मामलों में है वांछित
पुलिस रिकॉर्ड में रफीक नाई को “नामित व्यक्तिगत आतंकी (Designated Terrorist)” घोषित किया गया है और वह कई गंभीर मामलों में वांछित है. एजेंसियों का कहना है कि रफीक नाई पुंछ-राजौरी बेल्ट के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा खतरा है, जिसका नेटवर्क घाटी में सक्रिय मॉड्यूल को कई वर्षों से समर्थन देता आया है. उसकी पाकिस्तान से सीधी निगरानी में चलने वाली गतिविधियां भारत के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं. यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई ऐसे आतंकियों पर कार्रवाई की जा चुकी है.
