
Jammu Kashmir news: ‘जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे’… यह वादा करते सत्ता में आए उमर अब्दुल्ला, शपथ ग्रहण के दिन से लेकर आजतक उस वादे को पूरा करने के लिए जो कुछ करते बन पड़ा है, बिना थके-बिना रुके कर रहे हैं. बीजेपी से लाख शिकायतों के बावजूद वो अपना वादा पूरा कराने के लिए पीएम मोदी की तारीफ करने से नहीं चूकते. पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों की तरह वो प्रधानमंत्री पर सीधा हमला नहीं बोलते. अटल टनल का उद्घाटन हो या कोई और योजना अब्दुल्ला उसका क्रेडिट अकेले न लेकर केंद्र का शुक्रिया करते हैं. केंद्र सरकार के साथ कंधा मिलाकर चलने की प्रतिबद्धता हो या मजबूरी, उनकी इस अदा से उनके समर्थकों को लगता है कि वो इसी कार्यकाल में केंद्र सरकार से मिलकर अपना वादा पूरा करा लेंगे.
‘उम्मीद का दामन छूटा तो नहीं है’
जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की मांग पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘केंद्र शासित प्रदेश को राज्य का दर्जा वापस जरूर मिलेगा. भले ही उम्मीद से अधिक समय लगा हो, लेकिन इंतजार ज्यादा लंबा नहीं खिंचेगा. हालांकि जल्द समाधान की उम्मीद थी, केंद्र के साथ बातचीत जारी है. प्रोसेस चल रहा है, और प्रोसेस में ज्यादा समय लगा है. हमें उम्मीद थी कि अब तक राज्य का दर्जा मिल जाना चाहिए था, लेकिन हमने अभी तक अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी है. हम केंद्र सरकार से बात कर रहे हैं…अब उम्मीद बढ़ गई है कि हमें और ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.’
