News in Brief

अपने देश में शुरू से आईआईटी की साख एक टॉप इंस्टीट्यूट के तौर पर रही है, जहां पढ़ना एक सपना होता है. देश ही नहीं, दुनियाभर में टॉप पोजीशन पर काम कर रहे भारतीयों की प्रोफाइल उठाकर देखेंगे तो वे आईआईटी से जरूर पढ़े होंगे. ऐसे में ‘आईआईटी में सुसाइड’ की बढ़ती घटनाएं बेहद चिंतित करती हैं. इसी मंगलवार को आईआईटी कानपुर में एक छात्र ने खुदकुशी कर ली. भारत के प्रमुख टेक्निकल संस्थानों के कैंपस में मेंटल हेल्थ को लेकर बहस छिड़ गई है. पिछले पांच वर्षों में हर साल औसतन 12 से ज्यादा युवाओं ने जान दी है. 

ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के आंकड़े डराते हैं. इसके अनुसार जनवरी 2021 और दिसंबर 2025 के बीच इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कम से कम 65 छात्रों ने आत्महत्या की है. पिछले दो साल में ही 30 आत्महत्याएं दर्ज की गई हैं. इससे संस्थान की जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठे हैं. ये अंडरग्रेजुएट, पीजी और रिसर्च प्रोग्राम से जुड़े छात्र थे. ऐसे केस में बाद में आने वाले आधिकारिक बयानों में ‘व्यक्तिगत’ या ‘शैक्षणिक’ तनाव की बात कही जाती है. कई छात्र संगठनों और पूर्व छात्रों ने कहा है कि ऐसे स्पष्टीकरण बेहद जटिल सच्चाई को नजरअंदाज करते हैं. एक ऐसी सच्चाई जो लगातार मूल्यांकन, प्रतिस्पर्धा, अलगाव और कुछ मामलों में जाति या भाषा आधारित भेदभाव से बनती है. fallback

फैकल्टी के सदस्य निजी तौर पर स्वीकार करते हैं कि वॉर्निंग सिग्नल को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है और दखल तब की जाती है जब स्थिति गंभीर हो चुकी होती है. आईआईटी में मौतों का बढ़ता आंकड़ा एक बहुत बड़ी राष्ट्रीय त्रासदी बन चुका है. 

Add Zee News as a Preferred Source

क्या चाहते हैं आईआईटी के पूर्व छात्र?

पिछले दो साल में सबसे ज्यादा आत्महत्याएं IIT कानपुर कैंपस में दर्ज की गई हैं. पूर्व छात्र जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को दूर करने और छात्रों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए एक टास्क फोर्स बनाया है. हालांकि आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र (2004 बैच) और ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के संस्थापक धीरज सिंह ने टॉप लेवल पर सीधे जवाबदेही की मांग की है. उन्होंने कहा, ‘माननीय सुप्रीम कोर्ट ने इस बात की पुष्टि की है कि मानसिक स्वास्थ्य अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का एक अभिन्न अंग है.’

पढ़ें: आईआईटी छात्र ने लिखा- सॉरी और उठाया खौफनाक कदम

उन्होंने कहा कि साहा बनाम आंध्र प्रदेश राज्य मामले में अदालत ने आदेश दिया है कि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को संवैधानिक और संस्थागत जिम्मेदारी के रूप में माना जाए. सिंह ने कहा है कि देश की 23 आईआईटी में सबसे ज्यादा मौतें कानपुर में क्यों हो रही हैं? उन्होंने कहा कि इस पीरियड में आईआईटी बॉम्बे में केवल एक सुसाइड का मामला सामने आया जबकि वहां कानपुर से ज्यादा स्टूडेंट्स एनरोल हुए थे.

वजह क्या है

हाल में आईआईटी कानपुर के 25 साल के रिसर्च स्कॉलर स्वरूप ईश्वरम ने सुसाइड किया. उन्होंने अपने हॉस्टल की बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी. इसकी वजह पढ़ाई का प्रेशर और मानसिक तनाव माना जा रहा है. 2024 की एक रिसर्च बताती है कि करीब 55 प्रतिशत स्टूडेंट्स के सुसाइड की वजह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं रही हैं. 

Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्‍मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात, विषय, घटना के कारण व्‍यथित हों तो जीवन से हार मारने की कोई जरूरत नहीं. अच्‍छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार के हेल्‍पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.