Weather Update: सर्दियां धीरे-धीरे खत्म हो रही है, 15 जनवरी के बाद से ही मौसम बदलने लगा है, पहले जितनी ठंड अब नहीं पड़ रही है. दिन के मुताबिक सुबह-शाम ठंड पड़ रही है. हालांकि मौसम विभाग ने बताया है कि एक बार फिर मौसम बदलने वाला है, पश्चिम विक्षोभ की वजह से 22 जनवरी से लेकर 28 जनवरी तक उत्तर भारत सहित तमाम पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. इसके अलावा कई राज्यों में तेज हवाएं भी चलेंगी.
तेज हवाएं चलने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, वहीं पश्चिमी यूपी में 22 और 23 जनवरी को ओलावृष्टि भी हो सकती है. आईएमडी ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान पंजाब के आदमपुर का रहा, यहां पर न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
हो सकती है बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यहां पर आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है. यहां पर आने वाले दिनों में बर्फबारी और बारिश भी हो सकती है विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि कश्मीर की बात करें तो यहां के न्यूनतम तापमान में काफी सुधार हुआ है. यहां पर शुष्क मौसम का दौर समाप्त होने के कगार पर है. पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की वजह से अगले 72 घंटों में काफी उतार-चढ़ाव भरा मौसम बना रहेगा. जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने 23 जनवरी को कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में बारिश का अनुमान
वहीं अगर हम दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां पर आज यानि की 22 जनवरी को मौसम साफ रहेगा हालांकि सुबह 11-12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश देखने को मिल सकती है, IMD ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया है, IMD के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
