News in Brief

Asaduddin Owaisi’s verbal attack on Congress in Maharashtra Parbhani: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के लिए गले की ऐसी हड्डी बने हुए हैं, जो न निगलते बन रहे हैं और न ही उगलते. अब उन्होंने एक बार फिर बीजेपी समेत कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. महाराष्ट्र के परभणी में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस उन्हें बीजेपी की ‘बी-टीम’ कहती है, लेकिन उसका खुद का इतिहास शर्मनाक है. उसके शासन में दलितों-मुस्लिमों पर जो अत्याचार हुए हैं, उन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.

‘कांग्रेस हमें बीजेपी की ‘बी-टीम’ कहती है’

परभणी की सभा में ओवैसी ने कहा, ‘कांग्रेस हमें बीजेपी की ‘बी-टीम’ कहती है. अगर मैं पंडित नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक उसके दमन की कहानी सुनाने लगूं, तो आपको खुद पर शर्म आएगी. सिर्फ 10 मिनट दो, फिर मैं बताता हूं कि आपका इतिहास कैसा है.’ 

Add Zee News as a Preferred Source

मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए ओवैसी ने कहा, ‘वर्ष 2019 में अमित शाह ने यूएपीए में संशोधन किया. अब दिल्ली में बैठा एनआईए इंस्पेक्टर परभणी के किसी लड़के को आतंकवादी घोषित कर सकता है. ऐसा करने के लिए उसे अदालत के किसी फैसले की भी जरूरत नहीं. मैंने इसका विरोध किया.’ 

‘किस पार्टी ने बीजेपी को UAPA पर दिया समर्थन’

सभा में मौजूद लोगों से ओवैसी ने पूछा, ‘क्या आपको पता है कि इस मुद्दे पर किस पार्टी ने बीजेपी का समर्थन किया? वह कांग्रेस पार्टी थी, जिसने मोदी सरकार के इस कानून के पक्ष में वोट दिया. फिर भी मैंने अपने संशोधन पेश किए. मेरा मकसद ‘सेकुलर’ पार्टियों को बेनकाब करना था. ये वो पार्टियां हैं जो हमारी बर्बादी की कहानी लिखती हैं. हमारे युवाओं को जेल में सड़ाने वाले कानून बनाती हैं. फिर जनता में मोदी-अमित शाह का विरोध करती हैं. इसके बाद जब चुनाव नजदीक आते हैं तो हमें बीजेपी की बी-टीम कहने लगती हैं.’ 

ओवैसी ने आगे UAPA के 2008 के मूल कानून पर भी कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा, ‘यह कानून 2008 में कांग्रेस लेकर आई थी. मैं तब सांसद था और चेतावनी दी थी कि इसका इस्तेमाल मुसलमानों और दलितों के खिलाफ होगा. मैंने कहा था कि अरुंधति रॉय को भी इसके तहत गिरफ्तार किया जा सकता है. इसमें 180 दिनों की हिरासत का प्रावधान है. ऐसा प्रावधान न रूस में है और न ही अमेरिका के पैट्रियट एक्ट में. आज इस कानून से किसकी जिंदगियां बर्बाद हो रही हैं?’ 

‘लड़के को 2 बार ही बाहर आने की इजाजत मिली’

लड़का (उमर खालिद) को सिर्फ दो बार बाहर आने की इजाजत मिली. यह हाल तब है, जब मैंने 2008 में ही इसके दुरुपयोग की चेतावनी दे दी थी.’ मुंबई ट्रेन ब्लास्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में 11 मुसलमानों को 19 साल जेल में रखा गया, जो बाद में निर्दोष साबित हुए. जब मंच से ओवैसी तीखे भाषण दे रहे थे तो नीचे बैठे लोग बार-बार तालियां बजाकर अपनी हामी भर रहे थे. 

‘600 हिंदू-ईसाई परिवारों की 400 एकड़ जमीन वक्फ ने हड़प ली’, केरल में दोनों गठबंधनों पर बरसे अमित शाह 

ओवैसी के बयान पर विभिन्न दलों से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं हैं. शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा, ‘असदुद्दीन ओवैसी और बीजेपी एक-दूसरे की ए और बी टीम हैं. अजित पवार और बीजेपी भी ऐसे ही हैं. ओवैसी हैदराबाद से आते हैं, घूमते हैं और चले जाते हैं. वे सिर्फ जहर उगलते हैं और बीजेपी उसमें और जहर मिलाती है. महाराष्ट्र के लोग इससे छुटकारा चाहते हैं.’ 

ओवैसी के सक्रिय होने से विपक्षी दलों में बेचैनी

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने ओवैसी को ‘बीजेपी का प्यादा’ बताया, जो मुस्लिम वोट बांटकर बीजेपी को फायदा पहुंचाते हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘ओवैसी मुसलमानों के हितैषी नहीं, वे सांप हैं. ज्ञात दुश्मन इनसे बेहतर है. वे हमेशा बीजेपी की बी-टीम रहे हैं.’  दूसरे ने कहा, ‘ओवैसी कांग्रेस पर ज्यादा हमला करते हैं, क्योंकि ध्रुवीकरण से बीजेपी को फायदा होता है.’ 

बीजेपी की ओर से कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं मिली. वहीं कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधी हुई है. कई लोगों ने ओवैसी की रणनीति की तारीफ भी की है. उनका कहना है कि ऐसा करके वे कांग्रेस की कमजोरियां उजागर करते हैं. बताते चलें कि अपने तीखे अंदाज के लिए जाने जाने वाले ओवैसी मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सक्रिय है. उनकी सभाएं अधिकतर वहीं होती हैं, जो मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र हैं. साथ ही वे अपने उम्मीदवार भी उन्हीं क्षेत्रों से उतारते हैं. ऐसे में उनके सक्रिय होने से बीजेपी की विरोधी पार्टियों को अपने मुस्लिम वोट बैंक के बिखरने का खतरा सताने लग जाता है.