Theft Case: सिविल सर्विस से बर्खास्त की गई पूर्व आईएएस पूजा खेडकर एक बार फिर से चर्चा में हैं. हालांकि, इस बार कारण कुछ अलग है. पूजा ने अपने घरेलू नौकर पर कीमती सामान चुराने का आरोप लगाया है. पुलिस को दी शिकायत में पूजा ने बताया कि उनके घर पर काम करने वाली सहायिका ने उनको और परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से कीमती सामान चुराया है. पूजा ने इस बारे में शनिवार को इस कथित घटना के बारे में जानकारी दी, जिसकी पुलिस फिलहाल जांच चल रही है. पूजा अपने परिवार के साथ पुणे में बानेर रोड पर स्थित बंगले में रहती है.
पुलिस के अनुसार पूजा ने दावा किया है कि उन्होंने हाल ही में नेपाल की रहने वाली एक महिला को घरेलू काम के लिए सहायिका के तौर पर रखा था. जिसने मौका देखकर उनको और माता-पिता दिलीप, मनोरमा को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया. पूजा ने आरोप लगाया कि सहायिका महिला ने सभी को बेहोश करने के बाद बांध दिया और मोबाइल फोन के साथ-साथ अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई. वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद पूजा खुद को छुड़ाने में कामयाब रही और दूसरे फोन का इस्तेमाल करके पुलिस को इस बारे में जानकारी दी.
लिखित शिकायत नहीं करवाई दर्ज
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पूजा खेडकर के माता-पिता बेहोश मिले, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी सहायिका की तलाश कर रही है. हालांकि, पुलिस ने यह जरूर बताया कि घटना के बारे में अभी सिर्फ मौखिक तौर पर शिकायत दी गई है, लेकिन लिखित में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई. इतना ही नहीं, पूजा खेडकर और उनके परिवार की तरफ से अभी तक चोरी हुए सामान का भी कोई विवरण नहीं दिया गया. पूजा ने कहा कि वो मानसिक तौर पर इस घटना से उबरने के बाद पूरी वारदात की जानकारी देंगी. ये पहला मामला नहीं है जब पूजा खेडकर का परिवार चर्चा में आया है.
कौन है पूजा खेडकर?
पिछले साल पूजा के माता-पिता पर नवी मुंबई में सड़क पर झड़प के बाद ट्रक चालक के कथित अपहरण के आरोप लगा था, जिसके चलते पुलिस ने मामला दर्ज किया था. वहीं पूजा पर 2022 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में आरक्षण का फायदा उठाने के लिए गलत आवेदन देने का आरोप है, हालांकि पूजा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन किया है. इस पूरे मामले के लाइमलाइट में आने के बाद पूजा खेडकर काफी लंबे समय तक मीडिया की सुर्खियों में रही थी. जिसके बाद उन्होंने सेवा से बर्खास्त भी कर दिया गया था.
यह भी पढ़ें: ‘या तो माता-पिता का ख्याल रखो या फिर घर छोड़ दो…’,तेलंगाना हाईकोर्ट को क्यों करनी पड़ी ये टिप्पणी?
