
Jaish Terrorist Commander Shaves Beard: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों की कमर तेजी से टूट रही है. रफ्तार चाहे जो भी हो लेकिन आतंकवाद का खात्मा हो रहा है. ऑपरेशन आल आउट से लेकर दर्जनों मिलिट्री ऑपरेशन चलाकर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबल आतंकवादियों को बिना किसी झिझक और रोक-टोक के रोज ठोक रहे हैं. लिहाजा दहशत में आए आतंकवादी हुलिया बदलकर घूम रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि जैश के टॉप कमांडर सैफुल्लाह ने भी पकड़े जाने से बचने के लिए गिरगिट की तरह थोड़ी-थोड़ी देर में भेष बदल रहा है.
‘डाढ़ी-बाल मुंडवा दिए’: सूत्र
खुफिया इनपुट्स से पता चलता है कि सैफुल्लाह का ट्रेडमार्क असाल्ट रायफल के साथ दाढ़ी वाला लुक पूरी तरह बदल चुका है. उसने अपनी दाढ़ी मुंडवा ली है और शायद सिर भी मुंडवा लिया है, ताकि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों के तेज तलाशी अभियान में पकड़े जाने से बच सके. डोडा पुलिस के एसएसपी संदीप मेहता ने कहा, ‘ इस बात के पुख्ता इनपुट मिले हैं कि सैफुल्ला ने पुलिस को चकमा देकर भागने के लिए अपना लुक बदला है’.
‘पहले रौब से घूमते थे, अब सलवार-बुर्का लेकर भाग रहे’: पुलिस
पुलिस ने बताया कि जैश के आतंकी ने अपना हुलिया ही नहीं भेष बदलने की प्लानिंग करते हुए महिलाओं के सलवार-कमीज और बुर्का ले लिया है. अधिकारियों ने जैश कमांडर के प्लान का खुलासा करते हुए, बदले हुए आतंकी के दो पोस्टर जारी किए हैं. लेकिन सैफुल्लाह की सबसे खतरनाक चाल ये पता चली है कि उसने खुद को एक आध्यात्मिक गुरु के रूप में पेश किया है. ताकि गांव वालों के भरोसे का फायदा उठाकर छुप सके और सेना से बचने के लिए लाइफ-लाइन ले सके. एजेंसियों को यह भी पता चला है कि स्थानीय लोगों के बीच वो अपनी नई इमेज का इस्तेमाल करके लॉजिस्टिक सपोर्ट जुटा रहा है.
पुलिस ने जारी किए पोस्टर
पुलिस ने लोगों को जाकरूक करने के मकसद से उसके पोस्टर लगाए हैं. जिनमें उसके दोनों, दाढ़ी वाला और बिना दाढ़ी वाला लुक दिख रहा है. श्रीनगर और आस-पास के इलाकों में पुलिस ने पोस्टर लगवाकर, सैफुल्लाह के दिखने या उसकी मौजूदगी की कोई भी जानकारी मिलते ही फौरन पुलिस को खबर देने की अपील की है.
‘सैफुल्लाह के साथी ढेर अब इसका नंबर’
सुरक्षाबलों को सैफुल्लाह और उसके गैंग के बारे में लगातार खबरें मिल रही हैं. उसे पकड़ने के लिए किश्तवाड़ और डोडा हाइट्स की एक-एक इंच जगह स्कैन की जा रही है. दो साल से उसके साथ काम कर रहे पाकिस्तानी जैश कमांडर आदिल के मारे जाने के बाद उसकी बेचैनी बढ़ी है. आदिल किश्तवाड़ के छतरू इलाके में सिक्योरिटी फोर्स के साथ एनकाउंटर में मारा गया था. वहीं सैफुल्लाह को एक और झटका तब लगा जब 19 जनवरी को फोर्स ने उसके ठिकाने का भंडाफोड़ किया, और सर्दियों में गुजारा करने के लिए रखा हुआ राशन बरामद किया. 12000 फीट की ऊंचाई पर बना यह ठिकाना जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ के ऊबड़-खाबड़ और जमे हुए पहाड़ों में बना कारगिल स्टाइल का मजबूत बंकर बना रखा था.

