PM Modi Speech in Rajya Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्य सभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव चर्चा का जवाब दिया. इस दौरान उन्होंने भारत-यूरोपीय डील और अमेरिका के सा हुई डील का जिक्र किया. हालांकि, इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधने का एक भी मौका नहीं छोड़ा. आइए पीएम मोदी के संबोधन की कुछ बड़ी बातें जानते हैं…
- राज्य सभा में भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है. दुनिया के कई बड़े देश भारत के साथ व्यापार करने के लिए लाइन में लगे हैं. हाल में हमने ईयू के साथ ट्रेड डील साइन की, तो दुनिया को वैश्विक स्थिरता की अधिक संभावना पर भरोसा हुआ. वहीं, अमेरिका के साथ डील के बाद दुनिया को और भरोसा हुआ. दुनिया को इसके सकारात्मक संदेश मिले हैं. पीएम ने कहा कि कांग्रेस के समय में हुई गलतियों को सुधारने में हमारा काफी वक्त जा रहा है.
- प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश जिस वक्त आजाद हुआ था, उस वक्त हम दुनिया में 6 नंबर की इकोनॉमी पर थे. लेकिन इन लोगों ने हाल कर दिया कि हम 11वें नंबर पहुंच गए. हालांकि, हमारी सरकार इसको चौथे स्थान पर लेकर आई है और हम 3 नंबर पर जाने की दिशा में तेज गति से अग्रसर हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हर क्षेत्र में भारत, आत्मविश्वास से भरा हुआ है. आज मेजर इकोनॉमी में भारत की अर्थव्यवस्था बहुत उच्च है. प्रधानमंत्री ने बताया कि हमने सुधार, प्रदर्शन और रूपांतरण के मार्गदर्शक सिद्धांत के साथ प्रगति कर रहे हैं. भारत अब सुधार एक्सप्रेस पर सवार है.
- पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है. हालांकि, दूसरा क्वार्टर काफी निर्णायक होने वाला है. पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में इस सदी का दूसरा क्वार्टर काफी अहम भूमिका निभाने वाला है. उन्होंने कहा कि आज देश का हर नागरिक यह महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं. अब ना पीछे मुड़कर देखना और ना हमें रुकना है. हमें चलते रहना है और लक्ष्य प्राप्त करने के बाद रुकना है.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि हमारी सरकार विकसित भारत की नींव रखने के लिए संकल्पित है, लेकिन कांग्रेस मोदी के कब्र खुदवाने के नारे लगा रही है. पीएम ने कहा कि जो लोग मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं, वही ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगा रेह हैं. ये कौन सी मोहब्बक की दुकान है, जो देश के किसी भी नागरिक की कब्र खोदने की बात करती है. इसके बाद ये बयान देंगे कि पीएम राज्यसभा में रो रहा था.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जब भी संसद का सत्र चलता है, हर एक सत्र के दौरान इन लोगों ने मोदी को गालियां देने का काम किया है. एक समय पर मुझसे किसी ने पूछा था कि मेरे स्वास्थ्य का राज क्या है. तब मैंने कहा था कि मैं रोजाना 2 किलो गालियां खाता हूं. अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ कोई नारा नहीं है, बल्कि इनके भीतर छिपी नफरत है. हमने धारा 370 की दीवार गिरा दी. पाकिस्तानी आतंकियों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया. ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदम उठाए. देश के विकास के लिए अनेक कदम उठाए, इसलिए ही इन्हें मोदी की कब्र खोदनी है.
- प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण के दौरान देश के बदलते मिजाज का जिक्र किया और एक पुराना किस्सा सुनाया. प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा कि एक बार इंदिरा गांधी ईरान की यात्रा पर थीं. वहां पर उन्होंने देश के पहले पीएम जवाहरलाल जी के साथ बातचीत का उल्लेख कर रही थीं. इस दौरान उन्होंने बताया कि जब किसी ने मेरे पिता जी से पूछा कि आपके पास कितनी समस्याएं है, तो इसपर नेहरू जी ने कहा था कि 35 करोड़. हैरान करने वाली बात है कि देश की जनसंख्या भी उस वक्त 35 करोड़ थी. पीएम मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार बोलते हुए कहा कि नेहरू जी को देश के नागरिक समस्या लगते थे. उन्होंने इस दौरान कहा कि क्या कोई मुखिया हो सकता है, जिसके देश की जनता समस्या लगती हो. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह फर्क है, मेरे सामने चाहें कितनी भी समस्या क्यों न हो, हमारे पास 140 करोड़ समाधान है. कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी सोच रखने वाले अपने परिवार का भला नहीं करेंगे.
- प्रधानमंत्री ने जब अपने भाषण की शुरुआत की, उस वक्त विपक्ष ने भारी नारेबाजी की. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उम्र पर चुटकी ली. पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष के तमाम नेता नारा लगा रहे हैं. मैं खरगे जी की उम्र का लिहाज करते हुए कहना चाहता हूं कि आप बैठकर नारा लगाइये. अपने संबोधन के दौरान पीएम ने टीएमसी, डीएमके, आप और लेफ्ट पर भी तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि किसी ने किसी समय ये सभी दल सत्ता में रहे हैं, लेकिन किसी ने देश के नागरिकों की परवाह नहीं की. ये केवल अपनी जेबें भरने में लगे रहे.
- प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए व्यापार समझौते हमारे युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होंगे. इसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवा, साथ ही मध्यम वर्ग के हमारे बेटे-बेटियां शामिल हैं. अब जब विश्व का बाजार उनके लिए खुल चुका है, तो उनके सामने नए अवसर मौजूद हैं. मैं अपने युवाओं को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं और पूरी दुनिया आपकी प्रतिभा और महत्वाकांक्षाओं का स्वागत करने के लिए तैयार है.
- अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश में घुसपैठ का मुद्दा उठाया. घुसपैठ को लेकर पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि टीएमसी घुसपैठियों को बचाने के लिए न्यायालयों को चक्कर लगा रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल में आज निर्मम सरकार है. दुनिया के सबसे विकसित देश भी अवैध घुसपैठियों को अपने देशों से बाहर कर रहे हैं. लेकिन यहां अदालतों पर इन घुसपैठियों की सुरक्षा के लिए अनुचित दबाव बनाया जा रहा है. ये घुसपैठिए हमारे युवाओं के अधिकार और रोजगार के अवसर छीन रहे हैं और आदिवासी समुदायों की उस जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, जो वास्तव में उनका अधिकार है. फिर भी ऐसे लोग यहां आकर हमें उपदेश देते हैं.
Add Zee News as a Preferred Source
