
Andhra Pradesh News: कभी-कभी ऐसे मामले सामने आते हैं जिसके बारे में सुनकर या पढ़कर लोग हैरान हो जाते हैं. तिरुपति में प्राचीन श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यहां पर नशे में धुत एक युवक मंदिर के टावर पर चढ़ गया, जिसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई. उसने मंदिर से उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी जिसके बाद वह किसी तरह से नीचे आया. जानें क्या है पूरा मामला.
मची अफरा-तफरी
रिपोर्ट के मुताबिक युवक के टावर पर चढ़ने के बाद सिक्योरिटी में अफरा-तफरी मच गई और उसे सुरक्षित निकालने के लिए तीन घंटे का ऑपरेशन चला. उस आदमी की पहचान निजामाबाद जिले के रहने वाले कुदिति तिरुपति के तौर पर हुई है, जो कथित तौर पर दीवार फांदकर मंदिर में घुसा था. तिरुपति देवस्थानम (TTD) के मुताबिक, संदिग्ध मंदिर परिसर के अंदर लकड़ी के टेंट के सहारे से चला गया फिर वह मंदिर के गोपुरम (टावर) पर चढ़ गया और कलश (पवित्र कलश) खींचने की कोशिश की, तभी सतर्क मंदिर स्टाफ ने उसे देख लिया
पुलिस स्टेशन भेजा गया युवक
तिरुपति ईस्ट पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के लोगों ने संदिग्ध को सुरक्षित नीचे लाने के लिए रस्सियों और लोहे की सीढ़ियों का इस्तेमाल करके लगभग तीन घंटे तक काम किया माना जा रहा है कि संदिग्ध ने गोपुरम के दो कलशों को नुकसान पहुंचाया था. इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए तिरुपति ईस्ट पुलिस स्टेशन भेज दिया गया. इस घटना से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं.
लगा रहता है ताता
तिरुपति का प्राचीन श्री गोविंदराजस्वामी मंदिर (Sri Govindarajaswami Temple) शहर के केंद्र में स्थित एक महत्वपूर्ण वैष्णव स्थल है, जिसे 1130 ईस्वी में महान संत रामानुजाचार्य ने स्थापित किया था. इस मंदिर में साल भर भक्तों का ताता लगा रहता है, हर दिन काफी संख्या में भक्त हाजिरी लगाने आते हैं. ऐसे में पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है.
