News in Brief

White Collar Terrorism: देश में बढ़ते आतंकवाद को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता सामने आई है. इस बार चेतावनी किसी खुफिया ऐजेंसी की रिपोर्ट नहीं बल्कि खुद देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान से आई है. हाल ही में हुए दिल्ली बम धमाके का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने एक ऐसी बात कह दी है जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. रक्षा मंत्री ने देश में बढ़ते व्हाइट कॉलर आतंकवाद पर चिंता जाहरि करते हुए कहा कि सिर्फ उच्च शिक्षा हासिल कर लेना ही काफी नहीं है अगर उसके साथ नैतिकता, मूल्य और जिम्मेदारी न हो तो वही शिक्षा समाज के लिए घातक साबित हो सकती है.

व्हाइट कॉलर आतंकवाद बन रहा खतरनाक ट्रेंड
राजस्थान में भूपाल नोबल्स यूनिवर्सिटी के 104वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करने के दौरान राजनाथ सिंह ने यह बात कही. इस दौरान उन्होंने दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके का जिक्र करते हुए कहा कि इस हमले में शामिल आरोपी पढ़े-लिखे डॉक्टर थे जो इस बात का सबूत है कि डिग्री होने से इंसान सही रास्ते पर ही चले यह जरूरी नहीं.
उन्होंने कहा कि आज देश में व्हाइट कॉलर आतंकवाद का एक खतरनाक ट्रेंड बनकर उभर रहा है. पढ़े-लिखे लोग समाज और देश के खिलाफ काम कर रहे हैं. दिल्ली बम धमाके में शामिल लोग डॉक्टर थे, यानी हाथ में तो डिग्री थी लेकिन जेब में था RDX

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए इस बम धमाके में विस्फोटकों से भरी एक i20 कार का इस्तेमाल किया गया था. इस कार को डॉ. उमर-उन-नबी चला रहा था. इस हमले में 15 लोगों की जान चली गई. जांच में सामने आया कि यह एक संगठित व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल था.

Add Zee News as a Preferred Source

ऐसी शिक्षा बेकार
इस दौरान रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी या पैसा कमाना नहीं होना चाहिए बल्कि उससे इंसान में चरित्र, नैतिकता और मानवता का विकास होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि ऐसी शिक्षा अधूरी है जिसमें विनम्रता और सही आचरण न सिखाया जाए. मंत्री सिंह ने यह भी साफ किया कि आतंकवादी जरूरी नहीं कि अनपढ़ हों. कई बार वे काफी ज्यादा पढे़ लिखे होते हैं लेकिन उनमें विवेक और नैतिक मूल्य नहीं होते.

ये भी पढे़ंः नदी से समंदर तक… फिलिस्तीन को लेकर महबूबा मुफ्ती का ऐसा पोस्ट, जानिए क्या कहा?

धर्म को लेकर भी बोले राजनाथ सिंह 
सिर्फ शिक्षा ही नहीं राजनाथ सिंह ने धर्म को लेकर भी बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि धर्म सिर्फ मंदिर, मस्जिद या चर्च जाने तक सीमित नहीं है बल्कि कर्तव्य भावना ही सच्चा धर्म होता है. नैतिकता से रहित शिक्षा समाज के लिए खतरनाक और कई बार जानलेवा साबित हो सकती है.

इसके साथ ही उन्होंने भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति पर भी बात की. मंत्री सिंह ने कहा कि भारत इस समय दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है. इस लक्ष्य को हासिल करने में विश्वविद्यालयों की भूमिका बेहद अहम है.

ये भी पढे़ंः ऑपरेशन सिंदूर के बाद PAK की प्रोपोगेंडा मशीन एक्टिव, सोशल मीडिया पर गढ़ रहा झूठ