Republic day celebration on secular street: आज भारत अपना गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मना रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहला गणतंत्र दिवस भारत के सबसे सेक्युलर रोड पर कैसे मनाया गया था? ये जगह दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित है. इस सड़क पर मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सभी पास-पास हैं, इसलिए इसे सेक्युलर रोड कहा जाता है. यही वजह है कि गणतंत्र दिवस पर यहां सभी धर्मों के लोग एक साथ खुशी मनाते थे.
भाईचारे से भरा हुआ था उत्सव
पहले गणतंत्र दिवस पर चांदनी चौक की इस गली को भव्य तरीके से सजाया गया था. लाल मंदिर से लेकर फतेहपुरी मस्जिद तक हर जगह झंडे और फूलों से सजावट की गई थी. लोग हाथों में तिरंगे और फूल की माला लेकर आए थे. हर कोई स्वतंत्रता और संविधान लागू होने की खुशी में एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दे रहा था. इस दिन का माहौल पूरी तरह से उत्सव और भाईचारे से भरा हुआ था.
मिठाइयों का भी विशेष महत्व था. हाजी जहूरुद्दीन, जो जामा मस्जिद इलाके में होटल चलाते थे, उन्होंने हाजी कलां की मशहूर मिठाई की दुकान से मिठाइयां खरीदीं और पूरे इलाके में बाटी थी. इसके अलावा घंटेवाला हलवाई की दुकान से भी मिठाइयों की बारिश हुई थी. यह दुकान 18वीं सदी के अंत में शाह आलम के शासनकाल में शुरू की गई थी. लोग बिना किसी धर्म या जाति का भेदभाव किए, मिठाइयां बांटकर खुशी मनाते थे.
गुरुद्वारों में भी हुए थे सैकड़ों लोग शामिल
गुरुद्वारों में भी गणतंत्र दिवस का जश्न बड़े ही उत्साह से मनाया गया. गुरुद्वारा शीश गंज में लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए. इसी तरह गुरुद्वारा बंगला साहिब और रकाबगंज में भी लंबी कतारें लगीं. लोग पूरी सब्जी, हलवा और अन्य लजीज व्यंजन खाने के लिए बड़ी धैर्यपूर्वक इंतजार कर रहे थे. हर कोई वहां भाईचारे और सामूहिक खुशी का अनुभव कर रहा था.
फूल मंडी के दुकानदारों ने भी अपनी ओर से उत्सव को खास बनाया था. गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की गई और पूरे इलाके में खुशियों का माहौल बना रहा. हर कोई यह महसूस कर रहा था कि अब भारत पूर्ण रूप से स्वतंत्र हो गया है. यह दिन सिर्फ स्वतंत्रता का जश्न नहीं, बल्कि सभी धर्मों और समुदायों के बीच सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक भी बन गया था. चांदनी चौक की यह सड़क आज भी सेक्युलरता और एकता की मिसाल के रूप में जानी जाती है.
ये भी पढ़ें: सुलग उठा मिनेसोटा! बॉर्डर अधिकारी की गोली से भड़का गुस्सा, ट्रंप बोले- ‘मेयर और गवर्नर ने किया अरबों का घोटाला’
