News in Brief

शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद से ही पाकिस्तान ने बांग्लादेश में भारत के खिलाफ जहर घोलना शुरू कर दिया था. मोहम्मद यूनुस के राज में कट्टरपंथियों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया. ईशनिंदा का आरोप लगाकर सरेआम हिंदुओं को मारा जाने लगा. अब पाकिस्तान ने भारत को घेरने के मकसद से एक और चाल चली है. वह अपना लड़ाकू विमान ढाका को देने जा रहा है. ऑपरेशन सिंदूर में भारत से पिटने के बाद भी उसने अपनी रक्षा ताकत का खूब प्रचार किया. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ही नहीं, आर्मी चीफ आसिम मुनीर भी घूम-घूमकर मार्केटिंग कर रहे हैं. पाकिस्तान के पास जो भी हथियार हैं उसमें चीन का बड़ा रोल है. ऐसे में यह जानना भी जरूरी है कि पाकिस्तान का ‘सस्ता चीनी माल’ कितना खास है? अच्छाई तो वह प्रॉपगेंडा के जरिए फैला रहा है लेकिन कमियां कौन बताएगा? क्या लीबिया, बांग्लादेश, म्यांमार, नाइजीरिया जैसे देशों को पता है?

डेली स्टार ने पाकिस्तान की सेना के हवाले से बताया है कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के एयर फोर्स चीफ ने डील पर बातचीत कर ली है. ढाका को JF-17 लड़ाकू विमान भी मिलेगा. ये सब बातचीत इस्लामाबाद में हुई है. पाकिस्तान के एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर और उनके बांग्लादेशी समकक्ष हसन महमूद खान ने JF-17 थंडर की खरीद पर चर्चा की है. पाकिस्तान ने यह जेट चीन के साथ मिलकर बनाया है.

इस्लामाबाद ने ढाका को सुपर मुशक ट्रेनर विमानों की तेज डिलीवरी के साथ-साथ पूरी ट्रेनिंग और लंबे समय तक सपोर्ट इकोसिस्टम का भरोसा दिया है. यह बैठक बांग्लादेश में पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर द्वारा 28 दिसंबर को ढाका में मोहम्मद यूनुस से शिष्टाचार भेंट के तुरंत बाद हुई. हथियार बेचने से इतर, ढाका-कराची सीधी उड़ानें जनवरी में शुरू होने जा रही है. ऐसे में शक तो पैदा होता ही है. अचानक पाकिस्तान और बांग्लादेश में दोस्ती कैसे बढ़ने लगी? इसके पीछे अगस्त 2024 का विरोध प्रदर्शन है, जिसके बाद पीएम शेख हसीना को भारत में शरण लेनी पड़ी. भारत और बांग्लादेश के संबंध खराब होते हैं और पाकिस्तान और ढाका करीब आ जाते हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

पाकिस्तान के JF-17 में कितना दम है?

यह फाइटर एक सिंगल-इंजन, हल्का और मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है. इसे पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स और चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट इंडस्ट्री कॉर्पोरेशन ने मिलकर बनाया है. PAF का यह सबसे अहम फाइटर माना जाता है जो 58 प्रतिशत पाकिस्तान में और 42 प्रतिशत चीन में बनाया जाता है. 

JF-17 को पाकिस्तानी एयरफोर्स के बेड़े में फ्रांसीसी और चीन की तीसरी पीढ़ी के फाइटर जेट्स जैसे A-5C, F-7P/PG, मिराज III, और मिराज V की जगह लेने के लिए बनाया गया है. एक साल पहले तक पाकिस्तान के पास करीब 150 JF-17 सर्विस में थे. हालांकि एक रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि इसका एक बड़ा हिस्सा ग्राउंडेड है. चीनी-पाकिस्तानी फाइटर जेट की 13 साल की सेवा में 5 क्रैश हो गए थे. जबकि इसके टक्कर का भारत का लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस ज्यादा पावरफुल माना जाता है. 

अब कमियां जान लीजिए

जेएफ-17 में लगाया जाने वाला इंजन चीन से आता है. इसका नाम RD-93 है. यह पाकिस्तानी एयरफोर्स के लिए गंभीर समस्याएं पैदा कर रहा है. 2023 में आई एक रिपोर्ट में बताया गया कि 40 JF-17 फाइटर्स जमीन पर पड़े थे क्योंकि उन्हें उड़ने के लिए अयोग्य श्रेणी में रखा गया था. 

इतना ही नहीं, कई इंजन में लगी टर्बाइन में ब्लेड्स, एग्जॉस्ट नोजल और फ्लेम स्टेबलाइजर में दरारें देखी गई थीं. यही वजह है कि चीन की एयरफोर्स को अपने ही प्रोडक्ट पर भरोसा नहीं है. उसे कई मोर्चों पर इसमें कमी मिली इसीलिए इसे अपने बेड़े में शामिल भी नहीं किया. 

2021 में एयर मार्शल अनिल चोपड़ा (रिटायर्ड) ने JF-17 के घटिया इंजन के बारे में बात की थी. उनका कहना है कि भारत के LCA तेजस का इंजन जेएफ-17 से कहीं ज्यादा भरोसेमंद है इसलिए पाकिस्तान और चीन सीधे मॉस्को से लेकर चीनी RD-93 इंजन को बदलना चाहते हैं. हालांकि यह बदलाव इतना आसान नहीं है. 

JF-17 थंडर में RD-93 इंजन का इस्तेमाल होता है, जिसे आधिकारिक तौर पर रूसी इंजन निर्माता क्लिमोव बनाता है. कुछ निश्चित उड़ान घंटों के बाद विमान के इंजनों को मूल उपकरण निर्माता (OEM) द्वारा नियमित रूप से बदला जाना चाहिए. हालांकि रूस-यूक्रेन संघर्ष की शुरुआत के बाद से मूल उपकरण आपूर्तिकर्ता ‘JSC रोसोबोरोन एक्सपोर्ट’ पर पश्चिम के कड़े आर्थिक प्रतिबंधों के कारण रखरखाव बेहद मुश्किल हो गया है. 

प्रतिबंधों के कारण रोसोबोरोन एक्सपोर्ट अमेरिकी डॉलर में लेनदेन नहीं कर सकता है. इसके साथ ही पाक एयरफोर्स के लिए रखरखाव लागत में खर्च बढ़ रहा है. 

– एक रिपोर्ट के मुताबिक IAF ग्रुप कैप्टन डीके पांडे का विश्लेषण कहता है कि JF-17 एयर डिफेंस रोल में भरोसेमंद ही नहीं है. इसका देसी डेटा लिंक ठीक से डेटा ही ट्रांसफर नहीं कर पाता है. 
– जेट में एयरबोर्न इंटरसेप्शन राडार नहीं है. बालाकोट हमले के जवाब में 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के ऑपरेशन स्विफ्ट रिटोर्ट के दौरान JF-17 का खराब प्रदर्शन सामने आया. भारतीय पायलट के प्रभावी जैमिंग के कारण JF-17 की सटीक स्ट्राइक क्षमता फेल हो हुई. पाक फोर्स के बम किसी भी महत्वपूर्ण लक्ष्य को भेदने में विफल रहे. 

– पाकिस्तान ने अपने JF-17 के लिए कई ग्राहक ढूंढे हैं. इसे नाइजीरिया और म्यांमार जैसे देशों को बेच भी दिया है. अजरबैजान और इराक के साथ सौदे की बात सामने आई थी. अब लीबिया और बांग्लादेश के साथ डील की खबर है. 

असली सच्चाई

एविएशन इंडस्ट्री कॉर्पोरेशन ऑफ चाइना का बयान ही सच्चाई बता देता है. एक बयान में बताया गया था कि JF-17 को इंटरनेशनल कस्टमर्स और ग्लोबल मार्केट की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया है. इससे पता चलता है कि ये फाइटर जेट घरेलू बाजारों के लिए या कहिए अपने यूज के लिए नहीं बस बेचने के लिए बनाया गया है. वो भी उन देशों को जो कम लागत वाले, मल्टी-रोल, हल्के, सिंगल-इंजन फाइटर जेट अपनी सेना को देना चाहते हैं. इसे कभी भी धांसू फाइटर जेट बनाने का इरादा नहीं था, बल्कि ऐसा जेट बनाना था जो इस कैटेगरी में सबसे सस्ता विकल्प हो. 

पाकिस्तान से JF-17 खरीदकर म्यांमार सिर पीटने लगा. टेक्निकल खराबी के कारण पूरा बेड़ा काफी समय तक जमीन पर रहा. वहां के पूर्व पायलटों ने ही चोरी छिपे बताया कि विमानों में कई दरारें और दूसरी टेक्निकल समस्याएं हैं. उन्होंने ही बताए कि ये जेट ग्राउंड अटैक और बॉम्बिंग मिशन में बेकार हैं. सर्विस भी ठीक नहीं है. चीनी राडार भी बेकार हैं. म्यांमार ने कुल 16 जेएफ-17 की डील की थी. पहले छह विमान 2018 में मिल गए लेकिन बाकी 10 का पता नहीं चला. 

नाइजीरिया 2016 में चीन-पाकिस्तान जेट का दूसरा ग्राहक बना. उसने तीन यूनिट का ऑर्डर दिया था. 2021 में नाइजीरियाई एयर फ़ोर्स में शामिल करने के बाद इसे बोको हराम और इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के खिलाफ अभियानों में तैनात किया गया है. इस जेट का परफॉर्मेंस देख नाइजीरिया ने नया ऑर्डर नहीं दिया. उसने इटली से नया प्लेन खरीदने की डील कर ली. 

JF-17 थंडर की ताकत

– जेएफ-17 ब्लॉक 3 वर्जन दो साल पहले दुबई एयरशो में दिखाया गया था. इसमें कई चीजें अपग्रेड की गई हैं. PAF ने इसे ‘फोर्थ-जेनरेशन प्लस’ बताया है. इसमें बेहतर स्टील्थ फीचर्स हैं. करीब 200 किमी तक राडार कैच कर सकता है. दावा किया जाता है कि लेटेस्ट वर्जन में मल्टी-टारगेटिंग क्षमता, आसान मेंटेनेंस हुई है. 2025 के अंत तक पाकिस्तान के पास इस बेहतर ब्लॉक 3 वेरिएंट के 50 विमान आने वाले थे. 

JF-17 फाइटर को चीन की सबसे एडवांस्ड हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल PL-10 के साथ जोड़े जाने की खबर है.