News in Brief

Fake Marriage Visa Scam: गुजरात के भरूच जिले से सामने इस हैरान करने वाले मामले में एक परिवार ने महिला को ब्रिटेन भेजने के लिए फर्जी शादी की और फर्जी तलाक का सहारा भी लिया. तय की रकम को लेकर विवाद हुआ तो पूरा मामला पुलिस तक पहुंच गया. बता दें कि जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. अब यूके में रह रहे आरोपियों पर डिपोर्टेशन की कार्रवाई की तलवार लटक नजर आ रही है.

कैसे रची गई पूरी साजिश
पुलिस के मुताबिक इस साजिश को फरवरी 2024 में रचा गया था. भरूच जिले के वालण गांव का रहने वाला रिजवान मेडा पहले से यूके में रह रहा था. महिला के परिवार ने उससे संपर्क किया. बाद में तय किया गया कि महिला को उसकी पत्नी दिखाकर यूके भेजा जाएगा. इसके बदले मेडा को 3.5 लाख रुपये देने की बात हुई. इसके लिए एक शादी का सर्टिफिकेट तैयार किया गया. जिसमें जंबूसर की रहने वाली तस्लीमाबानू को मेडा की पत्नी दिखाया गया था. इसी फर्जी कागज के आधार पर एजेंट की मदद से महिला का यूके का वीजा लगवा दिया गया और वह वहां पहुंच गई.

पैसों पर बिगड़ा मामला
महिला के यूके पहुंचने के बाद पैसों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. तय रकम पूरी नहीं मिली. जिसके ना  मिलने से मेडा नाराज हो गया. इसी दौरान वह अपनी असली शादी करना चाहता था. अपनी असली पत्नी को यूके लाने की योजना बना रहा था. फर्जी शादी के कारण वह ऐसा नहीं कर पा रहा था.

Add Zee News as a Preferred Source

फर्जी तलाक का सहारा
इस परेशानी से निकलने के लिए महिला के भाई फैजल ने एक वकील से संपर्क किया. आरोप है कि भरूच कोर्ट का फर्जी तलाकनामा तैयार कराया गया. जिससे कागजों में मेडा और महिला का तलाक दिखाया जा सके. इस फर्जी तलाक के कागज का इस्तेमाल यूके में भी किया गया. जिससे वहां दोनों के अलग होने की औपचारिकता पूरी कर लिया गया. वहीं पैसों के विवाद के चलते मेडा ने अपने एक दोस्त के जरिए भरूच पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. जांच शुरू हुई तो पुलिस को फर्जी शादी, फर्जी तलाक और अवैध तरीके से विदेश भेजने की पूरी साजिश का पता चल पाया.

कई धाराओं में केस दर्ज हुआ
पुलिस ने इस मामले में रिजवान मेडा, तस्लीमाबानू, उसके भाई फैजल और वकील साजिद कोठिया के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराए हैं. वहीं वकील साजिद कोठिया पुलिस कार्रवाई से पहले ही कनाडा भाग गया है.

यूके से हो सकता डिपोर्टेशन
भरूच पुलिस ने ब्रिटिश हाई कमीशन और एंबेसी को इस केस की जानकारी भेजने का प्रोसेस शुरू कर दिया है. पुलिस का कहना है, जैसे ही यूके की सरकार को इस केस की पूरी जानकारी मिलेगी आरोपियों को वहां से डिपोर्ट किया जा सकता है. पुलिस ने साफ कहा है कि जैसे ही आरोपी भारत लौटेंगे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: भारतीय छात्र ध्यान दें, US में स्टूडेंट वीजा के नियम तोड़े तो पड़ जाएंगे लेने के देने, क्या है ट्रंप ने नए फरमान के मायने?