
)
Amitabh Bachchan Work-life Balance: हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन को लोग सिर्फ उनकी शानदार फिल्मों और यादगार किरदारों के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, समय की पाबंदी और काम के लिए ईमानदारी के लिए भी बेहद सम्मान देते हैं. इंडस्ट्री में उनके साथ काम कर चुके कई कलाकार ये बता चुके हैं कि बिग बी आज भी उतनी ही लगन से काम करते हैं, जितनी अपने शुरुआती दिनों में करते थे. अब उनके को-स्टार और एक्टर राजा बुंदेला ने भी एक बड़ा हैरान कर देने वाला खुलासा किया.
उन्होंने अपने हालिया इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जो उनके डिसिप्लिन और प्रोफेशनलिज्म को दिखाता है. Dear Generation पॉडकास्ट में बात करते हुए राजा बुंदेला ने बताया, ‘अमिताभ बच्चन के साथ काम करना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी. मैंने उनके साथ एक फिल्म की थी और मुझे हैरानी होती थी कि उन्हें हर डायलॉग बिल्कुल सही याद रहता था’. राजा ने बताया कि सेट पर अमिताभ हमेशा पूरी तैयारी के साथ आते थे. न तो कभी देर करते थे और न ही किसी सीन को हल्के में लेते थे.
अमिताभ बच्चन का दिलचस्प किस्सा
उनका ये एटीट्यूड बाकी कलाकारों के लिए भी काफी इंस्पायरिंग होता था. राजा ने गोवा शूटिंग का एक किस्सा सुनाया, जो अमिताभ की बारीकी पर ध्यान देने की आदत को दिखाता है. उन्होंने बताया, ‘हम गोवा में शूट कर रहे थे और अमितजी के कंटिन्यूटी वाले जूते मुंबई में ही रह गए थे’. उस सीन में अमिताभ को सड़क पर चलते हुए एक सेब उठाकर खाना था. किरदार दो दिन से भूखा होता है, इसलिए जब वो झुकता, तो जूते साफ नजर आते. ऐसे में कंटिन्यूटी बहुत जरूरी थी और बिना जूतों के सीन शूट होना नामुमकिन था.
रिपब्लिक डे पर इंडियन सिनेमा रचने जा रहा इतिहास, संजय लीला भंसाली को मिली बड़ी जिम्मेदारी, 77 साल में पहली बार होने जा रहा कुछ ऐसा
बिल्कुल रुकने नहीं दी फिल्म की शूटिंग
जूते छूट जाने की खबर सुनते ही सेट पर कई लोग खुश हो गए. राजा ने हंसते हुए बताया, ‘सबको लगा कि अब शूट कैंसल हो जाएगा. लोग पार्टी करने लगे और शराब पीने लगे. लेकिन अगली सुबह सब हैरान रह गए. सुबह साढ़े सात बजे खबर आई कि अमितजी मेकअप करके जूतों के साथ तैयार बैठे हैं’. कोई भी उनके पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था. वे चुपचाप अखबार पढ़ते हुए शूट शुरू होने का इंतजार कर रहे थे. बाद में पता चला कि अमिताभ ने ये समस्या कैसे सुलझाई, जिसने पूरी टीम को हैरान कर दिया था.
अमिताभ बच्चन का सख्त अनुशासन
राजा ने बताया, ‘रात में उन्होंने अपने स्पॉट बॉय को बस से मुंबई भेजा. स्पॉट बॉय जूते लेकर पहली फ्लाइट से सुबह गोवा लौट आया’. अमिताभ ने खुद डायरेक्टर टीनू आनंद को फोन कर कहा कि शूटिंग शुरू की जाए. राजा के मुताबिक, ‘यही अमिताभ बच्चन का अनुशासन है. काम के लिए वे कोई बहाना नहीं बनाते थे और हर हाल में शूट पूरा करते थे’. राजा बुंदेला ने ये भी बताया कि अमिताभ अपनी पर्सनल लाइफ और काम के बीच बैलेंस बनाकर चलते हैं. उन्होंने बताया, ‘वे कभी गॉसिप नहीं करते थे, यहां तक कि घर पर मिलने के दौरान भी नहीं’.
रात 8 बजे के बाद कोई नहीं जाता उनके घर
राजा के मुताबिक, इंडस्ट्री के लोगों को रात 8 बजे के बाद उनके घर आने की इजाजत नहीं होती थी. वहीं, अगर उनके वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन हाल ही में अपने सबसे ज्यादा देखे औप पसंद किए जाने वाले क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट करते नजर आए. इसके अलावा उनको आखिरी बार प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में देखा गया था, जिसके बाद अब वे इस फिल्म के सीक्वल ‘कल्कि 2898 एडी 2’ भी नजर आएंगे. इसके अलावा वे कोर्टरूम ड्रामा ‘सेक्शन 84’ में भी दिखेंगे.
