young leaders dialogue 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के समापन सत्र को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है. इस सत्र में लगभग 3,000 युवा प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय युवा प्रतिनिधि भी शामिल हैं. प्रधानमंत्री सीधे युवा नेताओं के साथ संवाद करेंगे और उनके विचार सुनेंगे.
डायलॉग के पिछले दिनों में देशभर के युवा नेताओं ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की है. समापन सत्र में चुने हुए प्रतिभागी प्रधानमंत्री के सामने युवा प्रतिभागी अपने विचारों, सुझावों और योजनाओं को अंतिम रूप में पेश करेंगे. इन विषयों में युवा शिक्षा, तकनीक, नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक विकास और प्रशासन जैसे मुद्दे शामिल हैं. यह मंच युवाओं को देश के विकास के लिए ठोस सुझाव देने का अवसर प्रदान करता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देश के युवा अद्भुत ऊर्जा और जुनून से भरे हैं और मजबूत और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि वे पूरे देश के युवा नेताओं के साथ इस संवाद में मिलकर विचार-विमर्श करने के लिए उत्सुक हैं.
केंद्र सरकार के श्रम और रोजगार मंत्री मन्सुख माण्डविया ने भी कार्यक्रम के आयोजन का स्वागत किया है. उन्होंने लिखा, “सशक्त युवा, विकसित भारत! पूरे देश से तीन हजार ऊर्जा से भरपूर युवा दिल्ली पहुंचे हैं. यह युवा शक्ति भारत की समृद्ध विरासत से प्रेरित होकर देश के विकास के लिए अपनी सोच प्रस्तुत करेगी.”
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026, जो 9 जनवरी से 12 जनवरी तक आयोजित हुआ, ने डिजाइन फॉर भारत और टेक फॉर विकसित भारत जैसी नई पहलें भी शुरू की हैं. इन पहलियों के माध्यम से तकनीक और नवाचार के जरिए समाधान पर चर्चा की गई है.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’
