News in Brief

Mani Shankar Aiyar on Indi alliance and Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में इस साल असेंबली चुनाव होने हैं. इन चुनाव से पहले कांग्रेस का वामदलों से गठबंधन खत्म हो गया है. वहीं ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस ने भी अकेले ही मैदान में उतरने का संकेत दिया है. ऐसे में कांग्रेस के लिए मुश्किल भरी स्थिति है. उसकी दिक्कत को अब पार्टी के सीनियर नेता भी बढ़ाते नजर आ रहे हैं. वेटरन लीडर मणि शंकर अय्यर ने रविवार को यह कहकर बहस छेड़ दी कि अगर इंडी गठबंधन को जिंदा रखना है को ममता बनर्जी को उसके केंद्र में रखकर चलना होगा. 

ममता के बिना इंडी गठबंधन प्रासंगिकता खो देगा- अय्यर

अय्यर ने कहा कि ममता बनर्जी इस गठबंधन की नेता हैं. उनके बिना INDI गठबंधन का ‘I’, ‘N’, ‘D’, ‘I’, ‘A’ सब खत्म हो जाएगा और यह संगठन अपनी प्रासंगिकता खो देगा. 

Add Zee News as a Preferred Source

ममता बनर्जी के साथ अपने राजनीतिक जुड़ाव को याद करते हुए अय्यर ने कहा कि उन्होंने 1997 में कुछ समय के लिए टीएमसी ज्वॉइन की थी. उस दौरान उन्होंने पार्टी के पहले राष्ट्रीय सचिव के रूप में काम किया था. हालांकि कुछ हफ्तों में ही इस्तीफा दे दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि पार्टी अपनी बंगाली पहचान से गहराई से जुड़ी हुई है.

‘राहुल गांधी क्षेत्रीय नेताओं को करने दें नेतृत्व’

अय्यर ने अपनी पार्टी के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने सुझाव दिया कि राहुल गांधी को इंडी गठबंधन के शीर्ष पद पर कब्जा करने के बजाय छोटी क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं को नेतृत्व का मौका देना चाहिए. डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव जैसे प्रमुख क्षेत्रीय नेता भी विपक्षी गठबंधन को आकार दे सकते हैं. 

अपने विवादित बयानों के लिए चर्चित मणिशंकर अय्यर ने कांग्रेस के साथ अपने तनावपूर्ण संबंधों पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘मैं खुद को कांग्रेस में मानता हूं, लेकिन ऐसा लगता है कि उन्होंने मुझे निकालने का फैसला कर लिया है. हालांकि मुझे कोई औपचारिक पत्र नहीं मिला है.’

‘मेरे निष्कासन की खबरें आधिकारिक रूप से नहीं बताई गई’

उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे निष्कासन की खबरें आधिकारिक रूप से नहीं बताई गई हैं. इस मुद्दे पर अगर आप कांग्रेस का नजरिया जानना चाहते हैं तो किसी कांग्रेसजन से पूछिए. अय्यर ने आगे कहा, ‘मैं ही नहीं बल्कि पार्टी के कई सदस्य ममता बनर्जी की विपक्षी गठबंधन में अहम भूमिका का समर्थन करते हैं.’