
Pakistan Attack In Afghanistan: भारत ने रविवार (22 फरवरी) 2026 को पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान की धरती पर की गई एयर स्ट्राइक की निंदा की है. नई दिल्ली ने कहा कि इन हमलों के चलते रमजान के पाक महीने में महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिकों की जान गई है. हमले को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान की ओर से अपनी नाकामी को बाहरी रूप देने की एक और कोशिश थी. उन्होंने अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए भारत के समर्थन को भी दोहराया.
भारत ने की हमले की निंदा
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया,’ रमजान के पाक महीने में अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की भारत कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिकों की जान गई है. यह पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक विफलताओं को छिपाने का एक और प्रयास है. भारत, अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन को दोहराता है.’ भारत की ओर से यह प्रतिक्रिया रविवार 22 फरवरी 2026 की सुबह अफगानिस्तान के अंदर किए गए हवाई हमलों के बाद आई है, जिसमें डूरंड लाइन के साथ कई जगहों को टारगेट गया था.
ये भी पढ़ें- वो बहादुर रानी जिसने अकबर के हरम में जाने से बेहतर जहर चाटना समझा, मुगल शासक के लालच ने तबाह की प्रेम कहानी
कितनों की हुई मौत?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइटर जेट्स ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के संदिग्ध ठिकानों पर हमला किया, जिसमें कम से कम 28 TTP लड़ाके मारे गए. न्यूज एजेंसी ‘AFP’ के साथ बातचीत में पाकिस्तानी सिक्योरिटी सोर्स ने बताया कि पड़ोसी देश अफगानिस्तान पर किए गए हवाई हमलों में 80 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए. पाकिस्तान की ओर से पक्तिका प्रांत के बरमल जिले पर हमला किया गया, यहां कई तेज धमाके हुए, जिनमें मरघा क्षेत्र में लगातार हुए विस्फोट भी शामिल हैं. बरमल स्थित बनूसी मदरसा पर भी मिसाइलें दागी गईं, जिससे हताहतों और नुकसान की आशंका बढ़ गई है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के ‘नंगे’ कमेंट पर भड़की कांग्रेस, शेयर की भाजपा के नेताओं की टॉपलेस फोटो
एक्शन लेगा अफगानिस्तान?
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की ओर से किए गए इन हमलों की निंदा की और इन्हें संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का साफ उल्लंघन बताया. अफगानिस्तान के सरकारी प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ये हमले नांगरहार और पक्तिका में एक मदरसे और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किए गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत दर्जनों नागरिक मारे गए या घायल हुए. अफगानिस्तान इन हमलों के खिलाफ जल्द जवाबी कार्रवाई कर सकता है.

