Pakistani patriotic song controversy: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के उमरखेड़ में स्थित अब्दुल गफूर शाह नगर परिषद उर्दू स्कूल नंबर 2 में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम अब विवाद में बदल गया है. 26 जनवरी को स्कूल में स्नेह सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस दौरान छात्रों ने एक समूह नृत्य प्रस्तुत किया था. यह नृत्य पाकिस्तान के देशभक्ति गीत ऐ मर्द-ए-मुजाहिद तेरी ललकार क्या है पर किया गया. कार्यक्रम के बाद इस गीत को लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई है. मामला अब कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया है. स्कूल प्रशासन के खिलाफ देशविरोधी गतिविधि से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है.
इस गाने से मोटिवेट होती थी पाकिस्तानी सेना
विवाद की असली वजह इसी गीत का चयन बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों और शिकायत करने वालों का कहना है कि यह कोई साधारण गीत नहीं है. यह गीत वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पाकिस्तान की सेना का प्रेरक गीत माना जाता रहा है. आरोप है कि ऐसे गीत को भारत के गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम में बजाना गलत है. लोगों का कहना है कि इससे बच्चों में गलत संदेश जाता है. इसी आधार पर स्कूल प्रशासन पर देशविरोधी सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है.
आरोप लगाने वालों का यह भी कहना है कि इस गीत में जिहादी भावनाओं से जुड़े शब्द और संदेश हैं. साथ ही यह गीत सीधे तौर पर पाकिस्तान की सेना से जुड़ा हुआ माना जाता है. इसलिए इसे दुश्मन देश के समर्थन से जोड़कर देखा जा रहा है. स्थानीय नेताओं का कहना है कि संविधान और देश की संप्रभुता का सम्मान करने वाले दिन पर ऐसा गीत चलाना बेहद गंभीर मामला है. उनका आरोप है कि यह कार्यक्रम की लापरवाही नहीं बल्कि एक सोची-समझी गलती हो सकती है.
पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
इस मामले को लेकर उमरखेड़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह गीत कार्यक्रम में किसकी अनुमति से शामिल किया गया. कार्यक्रम की रूपरेखा किसने तैयार की थी. स्कूल प्रशासन की भूमिका क्या थी. पुलिस यह भी देख रही है कि यह महज भूल थी या इसके पीछे कोई खास मंशा थी. जांच के तहत कार्यक्रम के वीडियो और वहां मौजूद लोगों के बयान जुटाए जा रहे हैं.
भाजपा नेता गोपाल कलाने ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा है कि यह देश के खिलाफ किया गया गंभीर कृत्य है. उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य और कार्यक्रम से जुड़े सभी शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि कार्यक्रम को मंजूरी देने की प्रक्रिया में किस स्तर पर चूक हुई. इस घटना के बाद अल्पसंख्यक संस्थानों की जिम्मेदारी और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को लेकर भी नई बहस शुरू हो गई है.
ये भी पढ़ें: UK के राजदूत का एपस्टीन विवाद में नाम आने से बढ़ा बवाल, PM स्टार्मर के ‘राइट हैंड’ ने दिया इस्तीफा
