IMD Alert Weather Update After Mahashivratri: महाशिवरात्रि के बाद मौसम अचानक नया रूप लेने जा रहा है. फरवरी के आखिरी दिनों में जहां लोग सर्दी के खत्म होने का अंदाजा लगा रहे थे, वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री ने मौसम को फिर चर्चा में ला दिया है. कुछ जगह ठंड की वापसी जैसी स्थिति बन सकती है, तो कई शहरों में गर्मी लोगों को परेशान करने लगेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 फरवरी से भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसने मौसम की चाल बदल दी है.
IMD Weather Warning !
Under the influence of three Western Disturbances in quick succession, isolated to scattered rainfall/snowfall is likely over the Western Himalayan region— the first on the 10th, the second on the 13th, and the third during 16th–17th February 2026.… pic.twitter.com/PIUrK5VSCD
Add Zee News as a Preferred Source![]()
— India Meteorological Department (@Indiametdept) February 10, 2026
बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एक्टिव, दक्षिण भारत में तेज बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण भारत के मौसम को तेजी से प्रभावित कर रहा है. इसके असर से तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी जिलों में लगातार बारिश हो रही है. 16 फरवरी को तेज हवाओं, आंधी-तूफान जैसे हालात और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
उधर उत्तर भारत में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ अगले 24 घंटों में मौसम का मिजाज बदल सकता है.
- पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
- मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश
- पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में गरज के साथ बौछारें
कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
डोडा में हिमस्खलन, हाईवे पर फंसे सैकड़ों वाहन
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हिमस्खलन होने से भद्रवाह-पठानकोट अंतरराज्यीय मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. भद्रवाह के पुलिस अधीक्षक विनोद शर्मा के अनुसार यह घटना भद्रवाह से करीब 18 किलोमीटर दूर थंथेरा और गुलदांडा के बीच शाम लगभग 5 बजे हुई. राहत की बात यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन 250 से ज्यादा वाहन रास्ते में फंस गए. सड़क साफ करने के लिए मशीनें और कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं.
इन पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 16 फरवरी से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है. 17 से 19 फरवरी के बीच इसका असर और बढ़ने की संभावना है. कश्मीर घाटी में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा, लेकिन रात में पारा अब भी माइनस में बना हुआ है.
उत्तराखंड के 5 जिलों में खास चेतावनी
रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ क्षेत्रों में तापमान माइनस 12 से माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है, जिससे मैदानी इलाकों तक ठंड का असर महसूस होगा.
मैदानी राज्यों और मध्य भारत में भी बारिश की संभावना
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 18-19 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी बिजली के साथ बारिश के आसार हैं. राजस्थान और बिहार में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत पर भी असर
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में हल्की बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत में चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से बारिश जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर 10 से 15 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड हो सकती है. प्रशासन ने समुद्र तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है. कुल मिलाकर देश में इस समय “एक साथ कई मौसम” जैसी स्थिति बन गई है. कहीं बर्फबारी, कहीं बारिश और कहीं तापमान बढ़ने का दौर. मौसम विभाग ने लोगों से लगातार अपडेट देखते रहने और सावधानी बरतने की अपील की है.
